ताजा खबरें | कोविड-19 प्रबंधन पर सरकार की आलोचना का जवाब देने के लिए भाजपा सांसदों को बांटी गई पुस्तिका

Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. केंद्र सरकार के कोविड-19 के प्रबंधन के पक्ष और विपक्ष में देश में जारी चर्चा के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को अपने सांसदों के बीच एक पुस्तिका बांटी जिसमें महामारी को लेकर सरकार की प्रतिक्रिया और टीकाकरण अभियान को लेकर उन्हें विभिन्न जानकारियों से लैस करने की कोशिश की गई है ताकि वह आलोचकों को सटीक जवाब दे सकें।

नयी दिल्ली, तीन अगस्त केंद्र सरकार के कोविड-19 के प्रबंधन के पक्ष और विपक्ष में देश में जारी चर्चा के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को अपने सांसदों के बीच एक पुस्तिका बांटी जिसमें महामारी को लेकर सरकार की प्रतिक्रिया और टीकाकरण अभियान को लेकर उन्हें विभिन्न जानकारियों से लैस करने की कोशिश की गई है ताकि वह आलोचकों को सटीक जवाब दे सकें।

स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा तैयार की गई इस पुस्तिका में दावा किया गया है कि कोरोना महामारी से मुकाबले के लिए किए गए प्रयासों के लिए सिर्फ केंद्र सरकार या किसी राज्य सरकार को उत्तरदायी नहीं ठहराया जा सकता बल्कि इसका श्रेय ‘‘टीम इंडिया’’ को जाता है जिसने एक सरकार और समाज के रूप में काम किया और आगे बढ़कर चरणबद्ध तरीके से चुनौती का सामना किया।

ज्ञात हो कि विपक्षी दल कोविड-19 के प्रबंधन को लेकर मोदी सरकार और भाजपा शासित राज्यों, खासकर उत्तर प्रदेश की आलोचना कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश और पंजाब सहित पांच राज्यों में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा के चुनाव होने हैं।

विपक्षी दल टीकाकरण अभियान की सुस्ती और इसकी कमी के लिए भी केंद्र सरकार पर लगातार निशाना साध रहे हैं।

मंत्रालय की पुस्तिका में बताया गया है कि भारत ने अन्य देशों के मुकाबले सबसे अधिक लोगों को टीकों की खुराक दी है और इस संबंध में पारदर्शी आंकड़ें सार्वजनिक तौर पर उपलबध हैं।

जुलाई महीने के अंत तक भारत ने अपने नागरिकों को 45 करोड़ से अधिक टीकों की खुराक दी है। चीन ने दावा किया है कि उसने अब तक 160 करोड़ टीकों की खुराक अपनी जनता को दी है। इसके मुकाबले अमेरिका में 34.3 करोड़, ब्राजील में 13.7 करोड और ब्रिटेन में 8.4 करोड़ खुराक दी गई हैं।

पुस्तिका में बताया गया है कि भारत ने 166 दिनों में टीकों की 34 करोड़ खुराक अपने नागरिकों को दीं जबकि इतने ही टीकों की खुराक देने में अमेरिका को 221 दिन लग गए।

कोविड-19 को लेकर भारत के प्रबंधन का उल्लेख करते हुए पुस्तिका में दावा किया गया कि देश महामारी के विनाशकारी प्रभावों से बचने में सफल रहा जबकि विश्व के कई देशों में इससे भारी तबाही मची।

पुस्तिका में आवश्यक दवाओं और चिकित्सीय ऑक्सीजन के वितरण के लिए सरकार के प्रयासों और साथ ही ऑक्सीजन की आपूर्ति बढ़ाने के लिए किए गए प्रयासों का भी जिक्र है।

पुस्तिका के मुताबिक प्रधानमंत्री ने इस महामारी के दौरान राज्यों के साथ 21 बैठकें की और 10 बार राष्ट्र को संबोधित किया। इसके अलावा उन्होंने इस मुद्दे पर 40 बैठकों की अध्यक्षता की।

भारत में प्रति 10 लाख की आबादी पर कोविड-19 से संक्रमण के कुल 22,726 मामले आए और प्रति 10 लाख की आबादी में 305 लोगों की जान गई जो कि दुनिया में सबसे कम था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\