देश की खबरें | भाजपा की हिमाचल इकाई ने कार्यसमिति के प्रस्ताव में 'विश्व नेता' के रूप में मोदी की प्रशंसा की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हिमाचल प्रदेश के ऊना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश कार्यकारिणी समिति ने रविवार को पार्टी के उस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी, जिसमें 'विश्व नेता' के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा की गयी है और कहा गया है कि उनके नेतृत्व में 'एक धरती, एक परिवार' का प्राचीन भारतीय सिद्धांत साकार होने के करीब है।

हमीरपुर/ऊना (हिमाचल प्रदेश), पांच फरवरी हिमाचल प्रदेश के ऊना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश कार्यकारिणी समिति ने रविवार को पार्टी के उस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी, जिसमें 'विश्व नेता' के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा की गयी है और कहा गया है कि उनके नेतृत्व में 'एक धरती, एक परिवार' का प्राचीन भारतीय सिद्धांत साकार होने के करीब है।

प्रस्ताव में कहा गया है: ‘‘यह प्रस्ताव हिमाचल प्रदेश की राज्य कार्यसमिति में ऐसे समय में आ रहा है, जब भारत जी-20 शिखर सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहा है। भारत को मेजबान देश होने पर गर्व है।’’

इसमें कहा गया है कि जी-20 बैठक की अध्यक्षता कर भारत 'वसुधैव कुटुम्बकम' की अवधारणा को बढ़ावा देने का काम करेगा।

पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल की ओर से पेश और सभी सदस्यों द्वारा अनुमोदित प्रस्ताव में कहा गया है, ‘‘आज हमारे पास दुनिया के सभी लोगों की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त उत्पादन करने के साधन मौजूद हैं।’’

प्रदेश कार्यसमिति ने जगत प्रकाश नड्डा को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर कार्यकाल विस्तार दिये जाने पर बधाई देते हुए कहा कि यह गौरव की बात है कि दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हिमाचल प्रदेश से हैं।

इसमें कहा गया है कि श्री राम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण, श्री काशी विश्वनाथ धाम का चहुंमुखी विकास और अनुच्छेद 370 को समाप्त करके कश्मीर को मुख्यधारा में लाने के प्रयासों से मोदी सरकार हमारी सांस्कृतिक विरासत को फिर से स्थापित करने में सफल रही है।

प्रस्ताव में आगे कहा गया है, ‘‘इतिहास का सही प्रदर्शन आज की जरूरत है और केंद्र की मोदी सरकार देश की आजादी में योगदान देने वाले महापुरुषों को उचित सम्मान दिलाने में सफल हो रही है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\