देश की खबरें | भाजपा के तथ्यान्वेषण दल ने किया बंगाल ने हिंसाग्रस्त इलाकों का दौरा, टीएमसी ने कहा- मणिपुर जाओ

कोलकाता, 24 जुलाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तथ्यान्वेषण दल ने सोमवार को पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में हिंसा प्रभावित इलाकों का दौरा किया और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर राज्य में आतंक फैलाने का आरोप लगाया।

टीएमसी ने इन आरोपों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा को जातीय हिंसा से प्रभावित उसके शासन वाले मणिपुर में दलों को भेजने के लिए कहा।

भाजपा सांसद विनोद सोनकर के नेतृत्व वाली पांच सदस्यीय टीम ने हावड़ा जिले के आमटा में इलाकों का दौरा किया।

सोनकर ने कहा, “हमने (पंचायत चुनाव के दौरान हुई) हिंसा के पीड़ितों से मुलाकात की। टीएमसी के गुंडों ने महिलाओं तक को भी नहीं बख्शा। राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। पश्चिम बंगाल एकमात्र राज्य है जहां पंचायत चुनावों के दौरान इतने सारे लोग मारे गए।”

पश्चिम बंगाल पंचायत चुनाव के लिए मतदान के दिन हुई हिंसा में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई थी जबकि 12 जुलाई को मतगणना के दौरान तीन और लोगों की हत्या कर दी गई थी।

सत्तारूढ़ टीएमसी ने तथ्यान्वेषण दल के दौरे को मणिपुर हिंसा से ध्यान भटकाने की रणनीति करार दिया।

टीएमसी की राज्य इकाई के उपाध्यक्ष जय प्रकाश मजूमदार ने कहा, “वे यहां तथ्यान्वेषण दल भेज रहे हैं। भाजपा मणिपुर में तथ्यान्वेषण दल क्यों नहीं भेज रही , जहां पिछले दो महीनों में इतने सारे लोग मारे गए हैं? भाजपा सरकार पूर्वोत्तर राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह विफल रही है।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)