देश की खबरें | महाराष्ट्र में भाजपा उपचुनाव में हार के भय से मतदाताओं को धमकी दे रही : कांग्रेस, राकांपा का दावा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले ने सोमवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कोल्हापुर उत्तर विधानसभा सीट के लिए 12 अप्रैल को होने वाले उपचुनाव में हार के भय से मतदाताओं को ईडी की कार्रवाई की धमकी दे रही है।

मुंबई, चार अप्रैल महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले ने सोमवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कोल्हापुर उत्तर विधानसभा सीट के लिए 12 अप्रैल को होने वाले उपचुनाव में हार के भय से मतदाताओं को ईडी की कार्रवाई की धमकी दे रही है।

पटोले ने महाराष्ट्र भाजपा के प्रमुख चंद्रकांत पाटिल के उस कथित बयान को लेकर भी निशाना साधा जिसमें उन्होंने कहा था कि मतदाताओं के एक तबके के खातों में एक डिजिटल मंच के जरिए पैसा आ रहा है।

पाटिल ने कहा था कि वह इस संबंध में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से शिकायत करेंगे और उन्होंने मतदाताओं से इस तरह के पैसे नहीं लेकर एजेंसी की कार्रवाई से बचने का आग्रह किया था।

पटोले ने यहां संवाददाताओं से कहा, "भाजपा ने विगत में, केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल कर अपने राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाया है। अब, वह मतदाताओं को धमकी देने की हद तक चली गई है। वे आम लोगों को धमकी दे रहे हैं क्योंकि भाजपा को आगे अपनी हार दिख रही है।"

पटोले ने कहा, "प्रवर्तन निदेशालय भाजपा की एक शाखा की तरह काम कर रहा है। महाराष्ट्र में भाजपा के सत्ता में नहीं होने की वजह से पाटिल इस तरह के बयान हताशा में दे रहे हैं।"

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की राज्य इकाई के मुख्य प्रवक्ता महेश तापसे ने भी पाटिल के आरोपों को निराधार बताया और कहा कि पाटिल इस प्रकार का बयान दे रहे हैं क्योंकि भाजपा कोल्हापुर उत्तर उपचुनाव में महागठबंधन की जीत को भांप चुकी है।

भाजपा ने उपचुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवार जयश्री जाधव के खिलाफ सत्यजीत कदम को खड़ा किया है। कांग्रेस विधायक चंद्रकांत जाधव की पिछले साल दिसंबर में मृत्यु होने के कारण यह सीट रिक्त हुई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\