देश की खबरें | मणिपुर में भाजपा समर्थकों ने सोनिया गांधी और अधीर रंजन का पुतला जलाया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को लेकर की गई टिप्पणी के खिलाफ प्रदर्शन मणिपुर तक पहुंच गया जहां भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजमुयो) के सदस्यों ने यहां कांग्रेस मुख्यालय के द्वार पर बृहस्पतिवार को पार्टी प्रमुख सोनिया गांधी का पुतला जलाया।
इंफाल, 28 जुलाई कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को लेकर की गई टिप्पणी के खिलाफ प्रदर्शन मणिपुर तक पहुंच गया जहां भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजमुयो) के सदस्यों ने यहां कांग्रेस मुख्यालय के द्वार पर बृहस्पतिवार को पार्टी प्रमुख सोनिया गांधी का पुतला जलाया।
भाजमुयो प्रमुख बारिश शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने चौधरी की टिप्पणी के खिलाफ नारेबाज़ी की। वे यहां मणिपुर कांग्रेस समिति के दफ्तर के बाहर जमा हुए थे और उन्होंने पुतला जलाया।
शर्मा ने पत्रकारों से कहा, “ हम नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी का अनादर किए जाने की कड़ी निंदा करते हैं।’’
चौधरी ने मुर्मू को ‘राष्ट्रपति’ के बजाय ‘राष्ट्रपत्नी’ का कहा था। उन्होंने बृहस्पतिवार इसे ‘ज़बान फिसलने’ का मामला बताते हुए आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ‘राई का पहाड़’ बना रही है।
भाजपा समर्थकों ने कांग्रेस के कथित ‘जनजातीय विरोधी व महिला विरोधी विचार’ के खिलाफ मणिपुर की राजधानी में रैली निकाली और चौधरी का पुतला जलाया जो लोकसभा में पार्टी के नेता हैं।
प्रदेश भाजपा प्रमुख शारदा देवी ने पत्रकारों से कहा, “ कांग्रेस ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति की जगह राष्ट्रपत्नी कहकर उनका मजाक बनाया है जो सीधे सीधे महिला समाज के प्रति अनादर है।”
देवी ने कहा, “ देश के सर्वोच्च पद का मजाक उड़ाने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी को माफी मांगनी चाहिए।”
मणिपुर कांग्रेस प्रवक्ता के. देवव्रत ने पूछे जाने पर पीटीआई- से कहा, “ अधीर रंजन चौधरी पहले ही कह चुके हैं कि ज़बान फिसलने की वजह से राष्ट्रपत्नी शब्द निकाला। यह उनकी गलती थी लेकिन भाजपा इसे बेवजह तूल दे रही है।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)