देश की खबरें | भाजपा ने 2024 के लोकसभा चुनाव में असम में 14 में से 12 सीटें जीतने का लक्ष्य तय किया:हिमंत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शनिवार को कहा कि भाजपा ने 2024 के लोकसभा चुनाव में असम की 14 में से 12 सीटें जीतने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

गुवाहाटी, आठ अक्टूबर मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शनिवार को कहा कि भाजपा ने 2024 के लोकसभा चुनाव में असम की 14 में से 12 सीटें जीतने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

यहां पार्टी कार्यकर्ताओं की एक सभा को संबोधित करते हुए शर्मा ने कहा कि भाजपा नरेंद्र मोदी को तीसरी बार भारत का प्रधानमंत्री बनाने के लिए अभी से काम करना शुरू करेगी।

उन्होंने भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की उपस्थिति में कहा, ‘‘ असम में 14 लोकसभा सीटें हैं और हमने पिछली बार नौ सीटें जीती थीं। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘ हम लोकसभा चुनाव तक नहीं रूकेंगे। हम नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं। ’’

वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने तीन, एआईयूडीएफ ने एक और निर्दलीय ने एक सीट जीती थी।

पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया पर हाल के प्रतिबंध का जिक्र करते हुए शर्मा ने कहा कि असम सरकार ने असम की धरती से कट्टरपंथी समूहों का स्थायी रूप से सफाया करने की ठानी है।

उन्होंने घोषणा की कि राज्य के दो लाख युवकों के वास्ते स्व-रोजगार के अवसरों के सृजन के लिए अगले एक साल में 5000 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी योजना शुरू की जाएगी।

उन्होंने कहा , ‘‘ हमने एक लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा किया था और हम 38,983 युवकों को नौकरियां दे चुके हैं। हम अगले छह सात महीने में इस लक्ष्य को पूरा कर लेंगे।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\