देश की खबरें | भाजपा को राजग की तभी याद आई जब 26 विपक्षी पार्टियां एक साथ आईं : शिवसेना
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर कटाक्ष करते हुए कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की याद तभी आई जब 26 विपक्षी पार्टियां मिलकर ‘इंडिया’ समूह बनाने के लिए एकसाथ आ गईं।
मुंबई, 19 जुलाई शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर कटाक्ष करते हुए कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की याद तभी आई जब 26 विपक्षी पार्टियां मिलकर ‘इंडिया’ समूह बनाने के लिए एकसाथ आ गईं।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव एलायंस (इंडिया) की अगली बैठक मुंबई में होगी। 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा से मुकाबला करने के लिए विपक्षी दलों का यह गठबंधन बनाया गया है।
उन्होंने कहा कि ‘इंडिया’ देश में ‘‘तानाशाही’’ को हराएगा।
राउत ने कहा, ‘‘आपको राजग की याद तब आई है जब हम 26 (विपक्षी) पार्टियां देश के लिए ‘इंडिया’ बनकर पटना और बेंगलुरु में एक साथ आईं। इन बैठकों के बाद ही आपका कमल (भाजपा का पार्टी चिह्न) खिलना शुरू हुआ।’’
उन्होंने कहा कि अगला प्रधानमंत्री कौन होगा इसका फैसला ‘इंडिया’ करेगा।
राजग का हिस्सा रही 38 पार्टियों के नेता मंगलवार को दिल्ली में मिले।
बेंगलुरु में मंगलवार को हुई 26 विपक्षी पार्टियों की बैठक में उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (उद्धव बालासाहब ठाकरे) भी शामिल थी। बैठक में विपक्षी दलों के गठबंधन को ‘इंडिया’ नाम देने पर सर्वसम्मति से प्रस्ताव स्वीकृत किया गया।
पहले इस गठबंधन का नाम ‘‘इंडियन नेशनल डेमोक्रेटिक इन्क्लूसिव एलायंस’’ (इंडिया) रखने का विचार था, लेकिन कुछ नेताओं का तर्क था कि ‘डेमोक्रेटिक’ शब्द रखने से भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले ‘नेशनल डेमोक्रेटिक एलायंस’ (राजग) का भाव आता है। इसके बाद ‘डेमोक्रेटिक’ के स्थान पर ‘डेवलपमेंटल’ किया गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)