देश की खबरें | रैली में बाधा डालने के लिए टीएमसी सरकार का इलाज करने को तैयार भाजपा : सुकांत मजूमदार

कोलकाता, 29 नवंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने बुधवार को कहा कि तृणमूल कांग्रेस ने यहां भाजपा की रैली में जो अड़चन डालने का प्रयास किया उसके लिए सत्तारूढ़ दल का ‘दवा’ देकर इलाज करने की जरूरत है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ मंच साझा करते हुए मजूमदार ने कहा कि तृणमूल सरकार की कार्रवाई का जवाब जरूर दिया जाएगा।

शाह ने बुधवार को एक जनसभा को संबोधित करते हुए आगामी विधानसभा व लोकसभा चुनाव में टीएमसी सरकार को सत्ता से बेदखल करने का लोगों से आग्रह किया।

भाजपा द्वारा जवाबी कार्रवाई करने की पुरजोर वकालत करते हुए मजूमदार ने कहा, ''टीएमसी सरकार ने भय के चलते पूरे राज्य में आतंक फैला रखा है। राज्य सरकार ने इस रैली को रोकने के लिए हर संभव कोशिश की। पहले पुलिस ने अनुमति देने से इंकार कर दिया और फिर वे अदालत में चले गए। मैं पार्टी कार्यकर्ताओं से उन पुलिस अधिकारियों की पहचान करने को कहता हूं, जिन्होंने हम पर अत्याचार किया।''

उन्होंने जोर देकर कहा कि टीएमसी सरकार को सत्ता से बाहर जाना तय है।

उन्होंने कहा, ‘‘वो दिन दूर नहीं जब हम टीएमसी को यही लौटाएंगे (उसकी करनी के फल) और उसे (इलाज के लिए) जरूरी दवा देंगे। वो दिन दूर नहीं जब टीएमसी सरकार सत्ता से बेदखल हो जाएगी।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)