देश की खबरें | भाजपा सांसद गौतम गंभीर ने एक और ‘जन रसोई’ का उद्घाटन किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लोकसभा सदस्य गौतम गंभीर ने शनिवार को अपने निर्वाचन क्षेत्र ‘पूर्वी दिल्ली’ में एक और ‘जन रसोई’ का उद्घाटन किया। यह एक रुपये में जरूरतमंद लोगों को ताजा भोजन देने की पहल का हिस्सा है।
नयी दिल्ली, 14 जनवरी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लोकसभा सदस्य गौतम गंभीर ने शनिवार को अपने निर्वाचन क्षेत्र ‘पूर्वी दिल्ली’ में एक और ‘जन रसोई’ का उद्घाटन किया। यह एक रुपये में जरूरतमंद लोगों को ताजा भोजन देने की पहल का हिस्सा है।
लक्ष्मी नगर के किशन कुंज स्थित नगर निगम के बेकार पड़े ढलाव केंद्र को पुनर्विकसित करके यह रसोई खोली गयी है। गंभीर ने बताया कि इस जन रसोई में रोजाना करीब एक हजार लोगों को दोपहर का भोजन उपलब्ध करवाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इसी तरह की जन रसोई विनोद नगर और शकरपुर में भी खोली गई थी, जिन्हें नगर निगम चुनाव की वजह से बंद कर दिया गया था, लेकिन अब उन्हें दोबारा खोल दिया गया है।
गंभीर ने बताया कि न्यू अशोक नगर और गांधी नगर स्थित रसोई अभी बंद रहेगी, क्योंकि जिन इमारतों में इनका परिचालन होता था वहां पर निर्माण कार्य की योजना है।
क्रिकेट से राजनीति में आए गंभीर ने कहा कि इन सामुदायिक रसोई घरों में रोजाना एक रुपये की दर से तीन हजार से अधिक लोगों को भोजन मिलता है, जिनमें से अधिकतर लाभार्थी समाज के गरीब वर्ग से हैं, जो कोविड-19 महामारी और उसके बाद लागू लॉकडाउन से सबसे अधिक प्रभावित हुए थे।
उन्होंने कहा, ‘‘जन प्रतिनिधि होने के नाते यह मेरा कर्तव्य है कि सबसे वंचित वर्ग की जिंदगी आसान बनायी जाए। सामुदायिक रसोईघर के पीछे यही दृष्टिकोण है।’’
गंभीर ने कहा कि केवल टोकन राशि ली जाती है, ताकि लोग ताजा और पोषक खाना सम्मानजनक तरीके से प्राप्त कर सकें।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)