देश की खबरें | जम्मू कश्मीर विधानसभा बजट सत्र से पहले भाजपा विधायकों ने पार्टी की रणनीति पर चर्चा की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने रविवार को यहां भाजपा के नवनिर्वाचित विधायकों के साथ जम्मू कश्मीर विधानसभा के बजट सत्र की रणनीति पर चर्चा करने के लिए बैठक की।

जम्मू, 23 फरवरी केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने रविवार को यहां भाजपा के नवनिर्वाचित विधायकों के साथ जम्मू कश्मीर विधानसभा के बजट सत्र की रणनीति पर चर्चा करने के लिए बैठक की।

यह सत्र तीन मार्च से शुरू होने वाला है।

मंत्री के त्रिकुटा नगर स्थित आवास पर आयोजित दोपहर के भोजन की बैठक में जम्मू कश्मीर भाजपा अध्यक्ष सत शर्मा और विपक्ष के नेता सुनील शर्मा सहित अन्य लोग शामिल हुए।

सिंह प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री हैं, जिन्होंने पिछले वर्ष के आम चुनावों में उधमपुर लोकसभा क्षेत्र से लगातार तीसरी बार जीत हासिल की थी।

उन्होंने कहा कि बैठक विशेष रूप से बजट सत्र के लिए पार्टी की रणनीति पर चर्चा करने के लिए बुलाई गई थी।

पिछले साल हुए विधानसभा चुनावों में भाजपा ने जम्मू क्षेत्र में 29 सीट जीती थीं। हालांकि उसके एक निर्वाचित सदस्य देवेंद्र सिंह राणा का अक्टूबर में निधन हो गया। राणा जितेंद्र सिंह के छोटे भाई थे।

बैठक के बाद सिंह ने संवाददाताओं से कहा, "निर्वाचित प्रतिनिधियों के साथ इस तरह की बैठकें आयोजित करना भाजपा की परंपरा है ताकि विधानसभा में महत्वपूर्ण सार्वजनिक मुद्दे जोरदार तरीके से उठाए जा सकें।"

उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में लंबे समय तक निर्वाचित सरकार नहीं बन सकी, जिससे वहां शून्यता की स्थिति पैदा हो गई।

भाजपा नेता ने बजट सत्र के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, "हम लोगों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर बात करेंगे।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\