देश की खबरें | भाजपा विधायक हरबंस कपूर का निधन
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. देहरादून के कैंट विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक हरबंस कपूर का सोमवार को निधन हो गया। वह 75 वर्ष के थे।
देहरादून, 13 दिसंबर देहरादून के कैंट विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक हरबंस कपूर का सोमवार को निधन हो गया। वह 75 वर्ष के थे।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश ईकाई के उपाध्यक्ष देवेंद्र भसीन ने बताया कि कपूर की पत्नी जब सुबह उन्हें जगाने गयीं तो वह नहीं उठे। उसके बाद चिकित्सक को बुलाया गया जिसने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
आठ बार के विधायक कपूर उत्तराखंड विधानसभा के वरिष्ठतम सदस्य थे। वह 2001-02 में भगत सिंह कोश्यारी मंत्रिमंडल में शहरी विकास मंत्री रहे। कपूर 2007—2012 के दौरान भुवन चंद्र खंडूरी के मुख्यमंत्री रहते हुए राज्य विधानसभा के अध्यक्ष भी रहे थे। वह 1985 में पहली बार विधानसभा चुनाव हारने के बाद देहरा खास और बाद में देहरादून कैंट विधानसभा क्षेत्र से लगातार आठ बार चुनाव जीते।
विधायक के निधन का समाचार मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनके आवास पर पहुंचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। धामी ने उनके शोकसंतप्त परिजनों को दुख की घडी में ढांढस बंधाया।
उनके निधन पर गहरा दुख प्रकट करते हुए धामी ने कहा कि वह राजनीतिक मूल्यों को आत्मसात करते हुए अपने विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए हमेशा मुखर रहे। उन्होंने कहा कि लगातार आठ बार चुनाव जीतना उनकी लोकप्रियता को साबित करता है।
राज्य सरकार ने कपूर की अंत्येष्टि पुलिस सम्मान के साथ किए जाने तथा सोमवार को देहरादून जिले के सभी सरकारी कार्यालय बंद रखे जाने का आदेश दिया है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने भी कपूर के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उनके निधन को पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति बताया ।
प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने बताया कि कौशिक के निर्देश पर पार्टी के राज्यभर में सोमवार को होने वाले सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)