देश की खबरें | दिल्ली का अगला मुख्यमंत्री चुनने के लिए भाजपा विधायक दल की बैठक सोमवार को होने की संभावना
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली का नया मुख्यमंत्री चुनने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनिर्वाचित विधायकों की सोमवार को यहां बैठक होने की संभावना है। पार्टी सूत्रों ने यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 16 फरवरी दिल्ली का नया मुख्यमंत्री चुनने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनिर्वाचित विधायकों की सोमवार को यहां बैठक होने की संभावना है। पार्टी सूत्रों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि भाजपा का राष्ट्रीय नेतृत्व विधायक दल की बैठक के लिए अपने पर्यवेक्षक भेजेगा, जिसमें दिल्ली विधानसभा में सदन के नेता का चुनाव किया जाएगा। सदन का नेता दिल्ली का मुख्यमंत्री होगा।
सूत्रों ने यह भी कहा कि दिल्ली में नयी सरकार का गठन 19-20 फरवरी के आसपास मुख्यमंत्री और मंत्रिपरिषद के शपथ ग्रहण समारोह के साथ होने की संभावना है।
भाजपा पांच फरवरी को हुए विधानसभा चुनावों में जीत हासिल करके 26 साल से ज़्यादा समय के बाद दिल्ली की सत्ता में आई है। भाजपा ने शानदार जीत के साथ दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) के 10 साल के शासन को खत्म कर दिया।
भाजपा ने दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों में से 48 पर जीत हासिल की।
मुख्यमंत्री और मंत्री पद के लिए कई नवनिर्वाचित विधायकों के नाम चर्चा में हैं। शीर्ष पद के लिए सबसे आगे माने जाने वालों में प्रवेश वर्मा, भाजपा की दिल्ली इकाई के पूर्व अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता और सतीश उपाध्याय शामिल हैं। पवन शर्मा, आशीष सूद, रेखा गुप्ता और शिखा राय सहित अन्य भी मुख्यमंत्री पद के दावेदार हैं।
पार्टी में कई नेताओं का मानना है कि राजस्थान, हरियाणा, मध्यप्रदेश, ओडिशा और छत्तीसगढ़ की तरह भाजपा नेतृत्व नवनिर्वाचित विधायकों में से किसी एक पर दांव लगा सकता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)