देश की खबरें | गोवा मंत्रिमंडल में फेरबदल की चर्चा के बीच भाजपा नेता संतोष ने मुख्यमंत्री, विधायकों से मुलाकात की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गोवा मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलों के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी. एल. संतोष ने मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत समेत पार्टी की राज्य इकाई के अन्य नेताओं से मुलाकात की।
पणजी, पांच मार्च गोवा मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलों के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी. एल. संतोष ने मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत समेत पार्टी की राज्य इकाई के अन्य नेताओं से मुलाकात की।
गोवा की राजधानी पणजी स्थित एक होटल में मंगलवार की शाम संतोष ने मुख्यमंत्री, भाजपा के अन्य विधायकों और मंत्रियों के अलग अलग बैठक की जो देर रात तक जारी रही।
बैठकों में शिरकत करने के बाद भाजपा की गोवा इकाई के अध्यक्ष दामोदर नाइक ने मंत्रिमंडल में फेरबदल पर किसी भी चर्चा से इनकार किया।
सावंत के नेतृत्व वाले 12 सदस्यीय मंत्रिमंडल में सहयोगी महाराष्ट्रवादी गोमंतक पार्टी (एमजीपी) से एक मंत्री हैं, जबकि अन्य सभी भाजपा से हैं।
गोवा में विधानसभा चुनाव 2027 में होने हैं। वर्तमान में 40 सीट वाली राज्य विधानसभा में सत्तारूढ़ पार्टी के पास 33 सीट हैं, जिसमें से भाजपा के 28 विधायक, एमजीपी के दो और तीन निर्दलीय विधायक शामिल हैं।
मुख्यमंत्री सावंत के अलावा, स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे और पर्यावरण मंत्री अलेक्सो सिक्वेरा सहित कई अन्य राज्य मंत्रियों और विधायकों - डॉ. चंद्रकांत शेट्टी, नीलेश काब्राल और जोशुआ डिसूजा ने होटल में संतोष से मुलाकात की।
बैठक से बाहर आने के बाद मुख्यमंत्री ने पत्रकारों द्वारा सवाल पूछे जाने पर इस संबंध में कोई विस्तृत विवरण देने से इनकार कर दिया।
ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि सावंत के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में फेरबदल हो सकता है।
इस बारे में पूछे जाने पर दामोदर नाइक ने कहा कि ये बैठकें ‘केवल संगठनात्मक उद्देश्य के लिए’ थीं।
विधायक नीलेश काब्राल ने कहा कि उन्होंने संतोष से गोवा दौरे के बीच मिलने का समय मांगा था।
उन्होंने कहा, ‘‘हमें नहीं बुलाया गया। हमने उनसे मिलने के लिए समय मांगा और उनसे अकेले में बात की।’’
उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेता के साथ क्या चर्चा हुई, इस बारे में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)