हिसार, 28 अक्टूबर हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि भाजपा नीत राज्य सरकार ने आदमपुर में विकास का एक भी काम नहीं किया, जहां तीन नवंबर को उपचुनाव होने हैं।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने आरोप लगाया कि राज्य की भाजपा सरकार पांच बिंदु वाले एजेंडा पर काम कर रही है जिसमें मुद्रास्फीति का बढ़ना, बेराजगारी, भ्रष्टाचार, अपराध और मादक पदार्थ शामिल हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘यही कारण है कि लोग इस सरकार से मुक्ति चाहते हैं, जिसकी शुरुआत आदमपुर से होगी।’’
हरियाणा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष हुड्डा ने यहां सवाददाताओं से कहा, ‘‘आदमपुर के लोग कहते हैं कि भाजपा सरकार ने पिछले आठ साल में आदमपुर में विकास का एक भी काम नहीं किया। लोग हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनाना चाहते हैं ताकि विकास का पहिया फिर से चल पड़े।’’
उन्होंने कहा कि यही कारण है कि राज्य के सभी तबकों से कांग्रेस को प्यार और समर्थन मिल रहा है।
विधायक कुलदीप बिश्नोई के सदन की सदस्यता से इस्तीफा देकर कांग्रेस से भाजपा में शामिल होने पर यह उपचुनाव हो रहा है। भाजपा ने बिश्नोई के बेटे भव्य को अपना उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस पूर्व केंद्रीय मंत्री और हिसार से तीन बार के सांसद जय प्रकाश का समर्थन कर रही है।
जय प्रकाश इसके पहले भी दो बार विधायक रहे हैं। आम आदमी पार्टी ने सत्येंद्र सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है, जबकि इंडियन नेशनल लोक दल ने कुर्दा राम नम्बरदार को अपना उम्मीदवार बनाया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY