देश की खबरें | भाजपा ने दिल्ली पुलिस से मछली बाजार के वीडियो में ‘छेड़छाड़’ के पीछे ‘मंशा’ की जांच को कहा

नयी दिल्ली, 10 अप्रैल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने बृहस्पतिवार को कहा कि उन्होंने दिल्ली पुलिस प्रमुख से एक वीडियो से ‘‘छेड़छाड़’’ के पीछे की ‘‘मंशा’’ की जांच करने को कहा है।

‘‘छेड़छाड़’’ कर बनाए गए इस वीडियो में कथित तौर पर ‘‘भाजपा के गुंडे’’ चित्तरंजन पार्क बाजार में मछली विक्रेताओं को धमकाते हुए दिख रहे हैं। वीडियो को तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है।

मोइत्रा की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल पाई।

एक बयान में सचदेवा ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस की नेता और उनके समर्थक ‘‘जानबूझकर’’ एक छोटे से मुद्दे को बढ़ाने और तनाव पैदा करने के लिए इसे उत्तर भारतीय और बंगाली संस्कृतियों के बीच संघर्ष में बदलने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘मोइत्रा ने मछली बाजार में दो अज्ञात लड़कों के पुराने वीडियो को तोड़-मरोड़ कर ‘एक्स’ पर पोस्ट करके चित्तरंजन पार्क में अशांति फैलाने की कोशिश की।’’

मोइत्रा ने मंगलवार को एक वीडियो साझा किया था, जिसमें उन्होंने ‘‘भाजपा के गुंडों’’ पर दक्षिणी दिल्ली के चित्तरंजन पार्क बाजार में एक मंदिर से सटे मछली बाजार में हिंदू दुकानदारों को निशाना बनाने का आरोप लगाया।

सचदेवा ने अपने बयान में कहा, ‘‘मैंने दिल्ली पुलिस आयुक्त से तृणमूल सांसद महुआ मोइत्रा द्वारा दो सप्ताह से अधिक पुराने संवेदनशील वीडियो से छेड़छाड़ कर उसे ‘एक्स’ पर पोस्ट करने के पीछे के मकसद की जांच करने को कहा है।’’

उन्होंने आम आदमी पार्टी (आप) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज पर इस मुद्दे को लेकर अपने सोशल मीडिया बयानों के माध्यम से ‘‘अशांति’’ पैदा करने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया।

उन्होंने दावा किया कि सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस को स्थिति को संभालने और क्षेत्र में तनाव फैलने से रोकने में मदद की।

भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि बुधवार तक मामला शांत हो गया था, लेकिन तृणमूल कांग्रेस ने एक आरोपी युवक का साक्षात्कार ‘अपलोड’ करके मामले को फिर से ‘‘बढ़ाने’’ की कोशिश की।

उन्होंने आरोपी युवकों के साथ तृणमूल कांग्रेस और आप नेताओं की ‘‘मिलीभगत’’ का भी आरोप लगाया और मांग की कि दिल्ली पुलिस वीडियो बनाने के लिए जिम्मेदार दोनों लोगों को तुरंत गिरफ्तार करे और उच्च स्तरीय जांच करे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)