देश की खबरें | भाजपा ने खरगे पर राष्ट्रपति मूर्मू, कोविंद के खिलाफ ‘आपत्तिजनक’ शब्दों के इस्तेमाल का आरोप लगाया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के खिलाफ कुछ ‘‘आपत्तिजनक’’ शब्दों का इस्तेमाल करके उनका अपमान करने का आरोप लगाया और उनसे तथा उनकी पार्टी से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने को कहा।

नयी दिल्ली, आठ जुलाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के खिलाफ कुछ ‘‘आपत्तिजनक’’ शब्दों का इस्तेमाल करके उनका अपमान करने का आरोप लगाया और उनसे तथा उनकी पार्टी से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने को कहा।

इससे एक दिन पहले खरगे ने छत्तीसगढ़ में एक कार्यक्रम में राष्ट्रपति मुर्मू और पूर्व राष्ट्रपति कोविंद के नामों का कथित तौर पर गलत उच्चारण किया था, लेकिन तुरंत ही अपनी गलती सुधार ली थी।

कांग्रेस अध्यक्ष ने सोमवार को रायपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए यह भी कहा था, ‘‘भाजपा हमेशा (द्रौपदी) मुर्मू जी और (राम नाथ) कोविंद जी को देश का राष्ट्रपति बनाने की बात करती है, लेकिन क्या पार्टी ने यह सब हमारी संपत्ति, जंगल, जल और जमीन छीनने के लिए किया है।’’

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि खरगे ने ‘‘राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी और पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद जी के लिए आपत्तिजनक शब्दों’’ का इस्तेमाल किया।

उन्होंने आरोप लगाया कि इससे कांग्रेस के डीएनए में मौजूद ‘‘दलित विरोधी, आदिवासी विरोधी और संविधान विरोधी’’ मानसिकता का पता चलता है।

भाटिया ने आरोप लगाया, ‘‘आप (खरगे) बड़ी-बड़ी बातें करते हैं- आपने रामनाथ कोविंद जी को ‘कोविड’ कहा... आप ‘मुरमा जी’ कहते हैं और फिर उन्हें (राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को) भू-माफिया कहते हैं और आरोप लगाते हैं कि वह संपत्ति, जंगल छीनने के लिए राष्ट्रपति बनी हैं।’’

भाजपा के इस आरोप पर अभी कांग्रेस ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

भाटिया ने मांग की कि खरगे, मुर्मू और कोविंद के खिलाफ ‘‘अप्रिय और अपमानजनक’’ टिप्पणी करने के लिए माफी मांगें। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अध्यक्ष ने न केवल उनका अपमान किया, बल्कि अपनी टिप्पणियों से आदिवासी और दलित समुदाय के सदस्यों की भावनाओं को भी ठेस पहुंचाई।

उन्होंने खरगे की टिप्पणी के लिए कांग्रेस से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से उन्हें पार्टी अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के लिए कहने की मांग की।

भाजपा नेता ने कहा, ‘‘अगर कांग्रेस और मल्लिकार्जुन खरगे माफी नहीं मांगते हैं, तो आप देखेंगे कि देश का हर नागरिक अपना गुस्सा जाहिर करेगा। यह गलती कांग्रेस को बहुत महंगी पड़ेगी।’’

खरगे को कांग्रेस का ‘‘रिमोट कंट्रोल वाला’’ राष्ट्रीय अध्यक्ष बताते हुए भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि उन्होंने पार्टी नेता राहुल गांधी के इशारे पर ‘‘आपत्तिजनक टिप्पणियां’’ कीं।

भाटिया ने कहा, ‘‘पूरा भारत, आदिवासी समाज, दलित समाज और महिलाएं मल्लिकार्जुन खरगे और कांग्रेस की निंदा कर रही हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\