देश की खबरें | अब तक 10 राज्यों में बर्ड फ्लू प्रकोप की पुष्टि हुई: सरकार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्र सरकार ने सोमवार को कहा कि अब तक देश के 10 राज्यों में बर्ड फ्लू प्रकोप की पुष्टि हो चुकी है। साथ ही जलाशयों, जीवित पक्षियों के बाजार, मुर्गी पालन केंद्रों और चिड़ियाघरों के आसपास निगरानी बढ़ाने पर जोर दिया गया है।

एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, 11 जनवरी केंद्र सरकार ने सोमवार को कहा कि अब तक देश के 10 राज्यों में बर्ड फ्लू प्रकोप की पुष्टि हो चुकी है। साथ ही जलाशयों, जीवित पक्षियों के बाजार, मुर्गी पालन केंद्रों और चिड़ियाघरों के आसपास निगरानी बढ़ाने पर जोर दिया गया है।

पशुपालन एवं डेयरी विभाग ने एक बयान में कहा, '' 11 जनवरी 2021 तक देश के 10 राज्यों में एवियन इन्फ्लूएंजा की पुष्टि हो चुकी है।''

दस जनवरी तक सात राज्यों केरल, राजस्थान, मध्यप्रदेश, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, गुजरात और उत्तर प्रदेश में बर्ड फ्लू के प्रकोप की पुष्टि हुई थी।

वहीं, सोमवार को दिल्ली, उत्तराखंड और महाराष्ट्र में भी इस वायरस संक्रमण की पुष्टि की गई है।

राज्यों को जनता के बीच जागरूकता फैलाने और फर्जी सूचनाओं के प्रसार की रोकथाम के निर्देश दिए गए हैं।

बयान के मुताबिक, '' राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों को जलाश्यों, जीवित पक्षी बाजारों, मुर्गी पालन केंद्रों और चिड़ियाघरों आदि के आसपास निगरानी बढ़ाने का अनुरोध किया गया है। साथ ही मृत पक्षियों को प्रोटोकॉल के तहत दफनाने और मुर्गी पालन केद्रों में पक्षियों की सुरक्षा को लेकर अधिक ध्यान देने का आग्रह किया गया है।''

केंद्र ने पक्षियों को मारने की कार्रवाई के लिए राज्यों को पर्याप्त संख्या में पीपीई किट और अन्य आवश्यक उपकरणों का भंडारण सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया है।

इसने राज्य के पशुपालन विभागों से कहा है कि वे बीमारी की स्थिति पर करीबी निगरानी और मनुष्यों में बीमारी के संचरण की किसी भी आशंका से बचाव के वास्ते स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ प्रभावी संचार और समन्वय सुनिश्चित करें।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\