देश की खबरें | छत्तीसगढ़ में विमान से पक्षी टकराया, उड़ान रद्द

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित विमानतल से नई दिल्ली के लिए उड़ान भरते समय यात्री विमान से पक्षी टकरा गया। उड़ान को रद्द कर दिया गया है।

रायपुर, 14 सितंबर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित विमानतल से नई दिल्ली के लिए उड़ान भरते समय यात्री विमान से पक्षी टकरा गया। उड़ान को रद्द कर दिया गया है।

विमान में केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री रेणुका सिंह समेत 179 यात्री सवार थे।

रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद विमानतल के अधिकारियों ने मंगलवार को यहां बताया कि एअर ​इंडिया के विमान एआईसी469 के उड़ान भरने के दौरान पक्षी उससे टकरा गया। घटना के बाद उड़ान को रद्द कर दिया गया है।

​अधिकारियों ने बताया कि आज सुबह 10.05 बजे एअर ​इंडिया का विमान नई दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाला था। विमान जब रनवे पर था तब उससे पक्षी टकरा गया।

उन्होंने बताया कि घटना के बाद विमान को रोक लिया गया। जब विमानतल के अधिकारी और इंजीनियर वहां पहुंचे तो उन्हें वहां पक्षी के अवशेष मिले।

अधिकारियों ने बताया कि विमान में 179 यात्री सवार थे। सभी यात्रियों को उतार लिया गया है।

विमान में केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री रेणुका सिंह भी मौजूद थी। ​सिंह के निजी कर्मचारियों ने बताया कि सिंह केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में भाग लेने के लिए दिल्ली जा रही थीं।

विमानतल के अधिकारियों ने बताया कि पक्षी टकराने के कारण कई बार विमानों को नुकसान पहुंचता है। विमानतल में इंजीनियरों के द्वारा पूर्ण निरीक्षण के बाद ही विमान को हुए नुकसान के संबंध में सही जानकारी मिल सकेगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\