7 सितंबर की बड़ी खबरें

स्वागत है DW हिन्दी के लाइव ब्लॉग में.

प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credit: Image File)

स्वागत है DW हिन्दी के लाइव ब्लॉग में. यहां आपको दिनभर की तमाम जरूरी और बड़ी खबरें एक साथ मिलेंगी. हम इस पेज को लगातार अपडेट कर रहे हैं.जर्मन चांसलर फ्रीडरिष मैर्त्स करेंगे एएफडी की जीत की समीक्षा

इंडोनेशिया में ज्वालामुखी विस्फोट, जकार्ता के प्रमुख एयरपोर्ट बंद

नेपाल बाढ़ त्रासदी: कई हाइड्रोपावर टनलों में एक साथ बचाव अभियान

सत्य निकेतन हादसा: कम से कम 6 लोगों की मौत, बचाव अभियान जारी

एएफडी की जीत पर फ्रांस ने जताई चिंता

फ्रांस की सरकार के मंत्रियों ने सोमवार को जर्मन राज्य सैक्सनी अनहाल्ट में एएफडी की जीत के प्रभाव को लेकर चिंता जताई है. दूसरे विश्व युद्ध के बाद पहली बार कोई धुर दक्षिणपंथी पार्टी जर्मनी के किसी राज्य में सत्ता के करीब पहुंची है. फ्रांस के वित्त मंत्री रोलान लेस्क्योर ने जर्मन रेडियो स्टेशन आरटीएल रेडियो पर कहा, ''यह स्पष्ट रूप से बेहद चिंताजनक संकेत देता है.'' उन्होंने आगे कहा कि दुनिया भर में फैल रही पॉप्युलिस्ट राजनीति की लहर एक बड़ी चुनौती बन चुकी है और इसका विरोध करना जरूरी है.जर्मनी ही नहीं यूरोप पर भी होगा सैक्सनी अनहाल्ट के चुनावों का असर

फ्रांस के यूरोपीय मामलों के मंत्री बेंजामिन हदाद ने भी रविवार देर रात इसी तरह की चिंता व्यक्त की. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा कि जर्मनी के क्षेत्रीय चुनाव में कट्टर दक्षिणपंथ की जीत “यूरोप के लिए बेहद गंभीर क्षण” है. हदाद ने यह भी कहा कि नेताओं को जनता के गुस्से, डर और चिंताओं को गंभीरता और विनम्रता से सुनना चाहिए तथा उनका समाधान करना चाहिए. हालांकि उन्होंने जोर दिया कि राष्ट्रवाद और विदेशी-विरोधी भावना कभी समाधान नहीं हो सकते.

एएफडी की तरफ क्यों आकर्षित हो रहा है जर्मनी का श्रमिक वर्ग

निजी कंपनियों की बढ़ती भागीदारी पर इसरो बोला, हम ही रहेंगे भारत की प्रमुख अंतरिक्ष एजेंसी

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने स्पष्ट किया है कि वह देश की प्रमुख अंतरिक्ष संस्था बना रहेगा और उसके महत्व में किसी तरह की कमी नहीं आएगी. इसरो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि संगठन का न तो निजीकरण किया जाएगा और न ही उसकी भूमिका घटाई जाएगी. यह बयान कर्मचारियों की उन चिंताओं के बाद आया है, जिनमें कुछ गतिविधियों को निजी और सरकारी कंपनियों को सौंपे जाने की खबरों पर स्पष्टीकरण मांगा गया था.

निजी अंतरिक्ष यान उड़ाने की तैयारी में भारतीय कंपनी एलएंडटी

दरअसल, इसरो कर्मचारी संघ ने 4 सितंबर को इसरो अध्यक्ष वी. नारायणन को पत्र लिखकर सवाल उठाए थे कि फिलहाल एजेंसी द्वारा संभाली जा रही विनिर्माण और परिचालन जिम्मेदारियां कंपनियों को ट्रांसफर किए जाने की खबरें सामने आ रही हैं. कर्मचारियों ने यह भी कहा कि अंतरिक्ष विभाग की ओर से इस संबंध में कोई औपचारिक सूचना जारी नहीं की गई है, इसलिए स्थिति को लेकर भ्रम बना हुआ है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार ने 2020 में अंतरिक्ष क्षेत्र को निजी कंपनियों के लिए खोलने के बाद उद्योग की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया है. इसी क्रम में हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) और लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) के नेतृत्व वाला समूह पीएसएलवी रॉकेट का निर्माण कर रहा है. वहीं, अंतरिक्ष नियामक IN-SPACe के अध्यक्ष पवन गोयनका ने कहा कि इन सुधारों का मकसद भारत के अंतरिक्ष पारिस्थितिकी तंत्र का विस्तार करना है और इसरो भविष्य में भी भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम की मजबूत आधारशिला बना रहेगा.

इंडोनेशिया में ज्वालामुखी विस्फोट, जकार्ता के प्रमुख एयरपोर्ट बंद

इंडोनेशिया के माउंट अनक क्राकाताऊ ज्वालामुखी में हुए लगातार विस्फोटों के कारण राजधानी जकार्ता के दो प्रमुख हवाई अड्डों समेत कुल सात हवाई अड्डे सोमवार को भी बंद रहे. ज्वालामुखी से निकली राख ने जकार्ता और आसपास के इलाकों को ढक लिया है, जिसके चलते हवाई उड़ानों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया. परिवहन मंत्रालय के अनुसार लगभग 2,300 उड़ानें रद्द, विलंबित या डाइवर्ट की गईं, जिससे 2.7 लाख से अधिक यात्री प्रभावित हुए हैं.

सरकार ने बताया कि जकार्ता का मुख्य सोएकार्नो-हट्टा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा स्थानीय समयानुसार शाम छह बजे तक बंद रहेगा, जबकि अन्य छह हवाई अड्डों पर भी परिचालन ठप है. अधिकारियों का कहना है कि मौसम की स्थिति लगातार बदल रही है, इसलिए यह बताना मुश्किल है कि व्यवधान कब तक जारी रहेगा. हवाई अड्डों पर बड़ी संख्या में यात्री उड़ानों की जानकारी के लिए भटकते दिखे, जबकि कई लोग घंटों इंतजार करते हुए बेंचों पर सोने को मजबूर हुए.

कितना खतरनाक है दुनिया का सबसे ज्यादा सक्रिय ज्वालामुखी, माउंट एटना

विशेषज्ञों के अनुसार ज्वालामुखीय राख में मौजूद सल्फर और सिलिका विमान इंजनों के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकते हैं. ज्वालामुखी निगरानी एजेंसी ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में और विस्फोट होने की संभावना बनी हुई है. प्रशासन ने लोगों को घर से बाहर निकलते समय मास्क पहनने की सलाह दी है, जबकि जकार्ता और लंपुंग के कई स्कूलों में छात्रों की सुरक्षा के लिए ऑनलाइन कक्षाएं शुरू कर दी गई हैं.

जर्मन चांसलर फ्रीडरिष मैर्त्स करेंगे एएफडी की जीत की समीक्षा

जर्मनी के चांसलर फ्रीडरिष मैर्त्स सोमवार, 7 सितंबर को अपनी पार्टी सीडीयू के नेताओं के साथ बैठक करेंगे. इस दौरान पूर्वी जर्मनी के राज्य सैक्सनी अनहाल्ट में पार्टी की हार की समीक्षा की जाएगी. रविवार को हुए राज्य चुनाव में धुर-दक्षिणपंथी पार्टी एएफडी को बड़ी बढ़त मिली है. पिछले चुनावों के मुकाबले इस बार 44.5 फीसदी मतों के साथ उसका जनाधार दोगुने से ज्यादा हो गया है. वहीं मैर्त्स की पार्टी को लगभग 18.1 फीसदी वोट मिले हैं.

चुनाव परिणामों के बाद सीडीयू के राज्य प्रमुख और मुख्यमंत्री स्वेन शुल्स निराश नजर आए. शुल्स के मुताबिक उनके चुनाव अभियान को केंद्र सरकार की नीतियों से मदद नहीं मिली.

बता दें एएफडी की इस बड़ी जीत ने पार्टी को पहली बार किसी जर्मन राज्य में अपनी सरकार बनाने के करीब पहुंचा दिया है. हालांकि, पार्टी पूर्ण बहुमत हासिल करने से कुछ पीछे रह गई, जिसके कारण राज्य की राजधानी मैगडेबर्ग में नई सरकार के गठन को लेकर आने वाले दिनों में राजनीतिक बातचीत और गठजोड़ की संभावना है. एएफडी प्रवासियों को लेकर सख्त रुख रखती है और रूस के प्रति उसका रवैया नरम माना जाता है

नेपाल बाढ़ त्रासदी: कई हाइड्रोपावर टनलों में एक साथ बचाव अभियान

नेपाल में 26 अगस्त को चीन-नेपाल सीमा क्षेत्र में आई भीषण बाढ़ से भारी तबाही मची है. इस आपदा में अब तक कम से कम 1,385 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 5,500 से अधिक लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं. लापता लोगों में बड़ी संख्या जलविद्युत परियोजनाओं में काम करने वाले श्रमिकों की है, जिनकी तलाश के लिए लगातार बचाव अभियान चलाया जा रहा है.

नेपाल आपदा के बाद भारत ने हिमालय पर निगरानी बढ़ाई

अंतरराष्ट्रीय टनलिंग एवं अंडरग्राउंड स्पेस एसोसिएशन के अध्यक्ष और ऑस्ट्रेलियाई बचाव विशेषज्ञ अर्नोल्ड डिक्स ने कहा कि यह उनके करियर की सबसे कठिन चुनौती है. उन्होंने बताया कि एक साथ कई अलग-अलग हाइड्रोपावर सुरंगों में बचाव अभियान चल रहे हैं, जहां हर स्थान पर अलग-अलग खतरे और चुनौतियां मौजूद हैं. डिक्स ने कहा कि हाल ही में सुरंगों से तीन श्रमिकों को सुरक्षित निकालने से अन्य संभावित जीवित लोगों के मिलने की उम्मीद बढ़ी है.

नेपाल में सोमवार को पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाजों के तहत राष्ट्रीय शोक दिवस मनाया गया, लेकिन राहत और बचाव कार्य जारी रहे. नेपाल सेना के प्रवक्ता राजा राम बस्नेत ने बताया कि जमीनी, हवाई और सुरंगों के भीतर तीन स्तरों पर खोज अभियान चलाया जा रहा है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई भी व्यक्ति फंसा न रह जाए. चीन, भारत और दक्षिण कोरिया समेत कई देशों के विशेषज्ञ भी नेपाली टीमों की मदद कर रहे हैं.

सत्य निकेतन हादसा: कम से कम 6 लोगों की मौत, बचाव अभियान जारी

दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को एक बहुमंजिला इमारत के गिरने के बाद सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. इसी बीच, सोमवार सुबह दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटनास्थल का दौरा किया.

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार सुबह घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से हालात की जानकारी ली. घटना पर दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा, "जवाबदेही तय की जाएगी. मुख्यमंत्री ने कल ही साफ कर दिया था कि जिम्मेदार लोगों पर निश्चित रूप से कार्रवाई होगी और किसी को बख्शा नहीं जाएगा."

रविवार दोपहर सत्य निकेतन की एक तंग गली में बनी पांच मंजिला इमारत गिर गई, जिसमें लड़कों का हॉस्टल था. यह इमारत लगभग 50 साल पुरानी थी. इस घटना में दिल्ली एम्स ने आधिकारिक तौर पर 6 लोगों की मौत की पुष्टि की है.

एक बयान में कहा गया है, "दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन में एक इमारत गिरने से घायल हुए 11 मरीजों को जेपीएन एपेक्स ट्रॉमा सेंटर (एम्स) लाया गया. इन 11 मरीजों में से 5 को मृत अवस्था में लाया गया था, जबकि गंभीर हालत वाले एक मरीज की बाद में चोटों के कारण मौत हो गई. तीन मरीजों को भर्ती किया गया है और उनका इलाज चल रहा है. एक मरीज के अंग की सर्जरी की गई. एक मरीज को मामूली चोट आई थी और निगरानी के बाद उसे छुट्टी दे दी गई."

वहीं, दिल्ली पुलिस ने इस मामले में बहुमंजिला इमारत के मालिक और अन्य के खिलाफ साउथ कैंपस थाने में एफआईआर दर्ज की है.

ट्रंप के दबाव के बीच ग्रीनलैंड पहुंचीं ईयू अध्यक्ष, निवेश पैकेज और सुरक्षा पर रहेगा फोकस

यूरोपीय संघ की अध्यक्ष उर्सुला फॉन डेय लाएन दो दिवसीय दौरे पर ग्रीनलैंड पहुंची हैं. रविवार, 6 सितंबर को राजधानी नुक्क पहुंचने पर उनका स्वागत ग्रीनलैंड के प्रधानमंत्री जेंस-फ्रेडरिक नीलसन और डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिक्सन ने किया. इस दौरे के दौरान यूरोपीय संघ की ओर से ग्रीनलैंड में नए निवेश और क्षेत्र के साथ राजनीतिक सहयोग बढ़ाने से जुड़े प्रस्तावों की घोषणा किए जाने की उम्मीद है. प्रस्तावित निवेश पैकेज में खनिज संसाधन, सैटेलाइट संचार और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्र में निवेश किया जा सकता है.

यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब आर्कटिक क्षेत्र अमेरिका, रूस, चीन और यूरोप के लिए तेजी से महत्वपूर्ण होता जा रहा है. बर्फ पिघलने से नए समुद्री रास्ते खुल रहे हैं और इस क्षेत्र के खनिज संसाधनों तक पहुंच भी आसान हो रही है. अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप कई बार कह चुके हैं कि अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए ग्रीनलैंड जरूरी है. उन्होंने दावा किया है कि ग्रीनलैंड के आसपास बड़ी संख्या में चीनी और रूसी जहाज मौजूद हैं. हालांकि उन्होंने इस दावे के समर्थन में कोई सबूत नहीं दिया है.

ट्रंप की ग्रीनलैंड वाली धमकी ने कैसे बदले अमेरिका-ईयू संबंध

उर्सुला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि यूरोपीय संघ “सुरक्षित और शांतिपूर्ण आर्कटिक क्षेत्र तथा ग्रीनलैंड की सुरक्षा में योगदान देने” के लिए प्रतिबद्ध है. बता दें व्यापक स्वायत्तता वाले ग्रीनलैंड ने 1985 में यूरोपीय संघ से अलग होने का फैसला किया था. हालांकि, वहां के करीब 57,000 लोग डेनमार्क के नागरिक हैं, इसलिए वे ईयू के नागरिक भी हैं.

Share Now