24 अगस्त की बड़ी खबरें
स्वागत है DW हिन्दी के लाइव ब्लॉग में.
स्वागत है DW हिन्दी के लाइव ब्लॉग में. यहां आपको दिनभर की तमाम जरूरी और बड़ी खबरें एक साथ मिलेंगी. हम इस पेज को लगातार अपडेट कर रहे हैं.महाराष्ट्र: अमरावती जिला महिला अस्पताल के नवजात शिशु कक्ष में लगी आग, तीन नवजातों की मौत
अमेरिका ने दी ईरान को "आर्थिक डी-डे" की चेतावनी
इमरान खान की सेहत को लेकर 21 पूर्व कप्तानों का पाकिस्तान सरकार को पत्र
न्यूजीलैंड भी बच्चों के सोशल मीडिया बैन की तैयारी में
बीजिंग पहुंचे अजीत डोभाल, मंगलवार को होगी भारत-चीन सीमा वार्ता
मॉस्को पहुंचे एस. जयशंकर, भारत-रूस रणनीतिक साझेदारी पर होगी चर्चा
नीदरलैंड्स ने गाजा मामले पर यूरोप के बड़े संगीत कार्यक्रम 'यूरोविजन' का बहिष्कार किया
डच ब्रॉडकास्टर एवरोट्रोस ने सोमवार, 24 अगस्त को घोषणा की कि नीदरलैंड्सअगले साल होने वाले यूरोविजन सॉन्ग कॉन्टेस्ट में भाग नहीं लेगा. ब्रॉडकास्टर ने कहा कि गाजा युद्ध से उपजे तनाव के कारण यह आयोजन अब तटस्थ नहीं रहा. एवरोट्रोस के महानिदेशक टाको जिमरमैन के अनुसार यह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता अब एकजुट करने के बजाय विभाजन का मंच बन गई है.
आयोजक संस्था ईबीयू ने नियमों में बदलाव कर सक्रिय सैन्य संघर्ष में शामिल देशों को मेजबानी से प्रतिबंधित किया था. हालांकि डच ब्रॉडकास्टर का मानना है कि यह कदम प्रतियोगिता की राजनीतिक तटस्थता बहाल करने के लिए पर्याप्त नहीं है. इस्राएल 2025 और 2026 दोनों सालों में प्रतियोगिता में दूसरे स्थान पर रहा.
1956 से हिस्सा ले रहा और 5 बार का विजेता नीदरलैंड्स उन पांच देशों में शामिल था, जिन्होंने इस्राएल की भागीदारी के विरोध में 2026 की प्रतियोगिता का भी बहिष्कार किया था. इन पांच देशों में आइसलैंड, आयरलैंड, स्पेन और स्लोवेनिया भी शामिल थे. इसके चलते कुल दर्शकों की संख्या 3.5 करोड़ घटी थी.
ईबीयू ने डच ब्रॉडकास्टर के हटने पर खेद जताया है. अब यह देखा जाएगा कि क्या कोई अन्य डच टीवी स्टेशन इसमें भाग लेगा. यूरोविजन 2027 का आयोजन 15 मई को बुल्गारिया के बर्गास शहर में होना तय है.
जर्मनी: “टिमी” व्हेल की मौत के बाद वैज्ञानिकों को मिली जान से मारने की धमकियां
जर्मनी में 'टिमी' नाम की हम्पबैक व्हेल की मौत के महीनों बाद भी शोधकर्ताओं को जान से मारने की धमकियां और नफरत भरे संदेश मिल रहे हैं. यह घटनाक्रम मार्च 2026 में शुरू हुआ जब यह व्हेल बाल्टिक सागर में देखी गई थी. वैज्ञानिक और समुद्री विशेषज्ञ ने सलाह दी कि उसे शांति से मरने देना चाहिए. लेकिन लोगों ने शोधकर्ताओं पर आरोप लगाया कि वे संग्रहालय में कंकाल प्रदर्शित करने या उसे लाखों यूरो में बेचने के लिए जानबूझकर व्हेल की मदद नहीं कर रहे हैं.
जर्मनी में बचाई गई हम्पबैक व्हेल टिम्मी की डेनमार्क के पास मौत
वैज्ञानिकों की सलाह को दरकिनार करते हुए मेक्लेनबुर्ग फोरपोम्मेन के पर्यावरण मंत्री टिल बैकहाउस ने मध्य अप्रैल में एक निजी समूह को रेस्क्यू ऑपरेशन की अनुमति दी. दो मई 2026 को टिमी को उत्तरी सागर में छोड़ दिया गया. हालांकि मई के मध्य में डेनमार्क के अनहोल्ट द्वीप के पास उसका शव पाया गया.
व्हाले की मौत के बावजूद जर्मन समुद्र विज्ञान संग्रहालय के वैज्ञानिकों के खिलाफ ऑनलाइन उत्पीड़न का सिलसिला खत्म नहीं हुआ है. कर्मचारियों ने डर के कारण संग्रहालय की वेबसाइट से खुद से जुड़ी जानकारी हटा दी है और पते सुरक्षित रखने के लिए पुलिस से आवेदन किया है. पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है.
प्रियंका गांधी का सरकार पर हमला: रोजगार संकट से युवाओं में बढ़ रही निराशा और गुस्सा
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोमवार, 24 अगस्त को देश में युवाओं के बीच बढ़ती बेरोजगारी को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा. "वन नेशन, वन इलेक्शन" पर संयुक्त समिति की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि रोजगार के अवसरों की कमी और शिक्षा व्यवस्था की चुनौतियों के कारण युवाओं में असंतोष, निराशा और हताशा बढ़ रही है. उन्होंने दावा किया कि पिछले कई वर्षों में रोजगार सृजन पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया, जिसका असर छात्रों और युवाओं के मनोभावों में साफ दिखाई देता है.
भारत में इंजीनियर बनने का सपना फीका क्यों पड़ रहा है?
प्रियंका गांधी ने कहा कि रोजगार संकट के पीछे शिक्षा प्रणाली की कमियां, विनिर्माण क्षेत्र को पर्याप्त प्रोत्साहन न मिलना और एमएसएमई सेक्टर की अनदेखी प्रमुख कारण हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ सरकारी नीतियों ने छोटे कारोबारियों और कृषि क्षेत्र को प्रभावित किया है, जबकि यही क्षेत्र बड़े पैमाने पर रोजगार उपलब्ध कराते हैं. उनके अनुसार, छात्र आंदोलनों और विरोध प्रदर्शनों में युवाओं की नाराजगी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है.
वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी नीति आयोग की रिपोर्ट का हवाला देते हुए केंद्र सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 8.7 करोड़ युवा न तो शिक्षा, रोजगार और न ही किसी प्रशिक्षण से जुड़े हैं. खरगे ने युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों की कमी, सरकारी नौकरियों में खाली पदों और बढ़ते कौशल अंतर को गंभीर चिंता का विषय बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से रोजगार सृजन और युवाओं के भविष्य को लेकर सवाल उठाए.
बीजिंग पहुंचे अजीत डोभाल, मंगलवार को होगी भारत-चीन सीमा वार्ता
भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल सोमवार, 24 अगस्त को चीन के विदेश मंत्री वांग यी के निमंत्रण पर दो दिन के दौरे पर बीजिंग पहुंचे. भारतीय विदेश मंत्रालय के अनुसार, डोभाल और वांग यी मंगलवार, 25 अगस्त को भारत-चीन सीमा विवाद पर विशेष प्रतिनिधियों की वार्ता के 25वें दौर में हिस्सा लेंगे. अपने दौरे के दौरान डोभाल चीन के उपराष्ट्रपति हान झेंग से भी मुलाकात करेंगे.
भारत के लिए खतरे की घंटी है मोंगला पोर्ट पर बांग्लादेश-चीन का समझौता!
यह बैठक जून में नई दिल्ली में ब्रिक्स राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों की बैठक के दौरान डोभाल और वांग यी के बीच हुई बातचीत के बाद हो रही है. दोनों पक्षों ने उस समय द्विपक्षीय संबंधों में हालिया प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधों के क्रमिक सामान्यीकरण पर संतोष जताया था. भारत ने जोर दिया था कि स्थिर और रचनात्मक संबंध दोनों देशों के बीच विश्वास और बेहतर समझ को मजबूत करने में मदद करते हैं.
डोभाल की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब भारत और चीन के संबंधों में धीरे-धीरे सुधार देखा जा रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच हाल के वर्षों में अलग-अलग अंतरराष्ट्रीय मंचों पर हुई बैठकों के बाद दोनों देशों ने रिश्तों को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई है. दोनों पक्षों ने यह भी दोहराया है कि भारत और चीन विकास के साझेदार हैं, प्रतिद्वंद्वी नहीं, और मतभेदों को विवाद में नहीं बदलने दिया जाना चाहिए.
अफ्रीका से यूरोप प्रवासन करने वालों के लिए भूमध्य सागर बना मौत का कुआं
सहायता समूह 'एसओएस मेडिटेरेनी' ने सोमवार, 24 अगस्त को चेतावनी दी कि भूमध्य सागर प्रवासियों और उनकी मदद करने वाले बचाव जहाजों के लिए खतरनाक होता जा रहा है. अफ्रीका और यूरोप के बीच स्थित भूमध्य सागर प्रवासियों के लिए अफ्रीका से यूरोप पहुंचने का अहम रास्ता है. लेकिन, संस्था के अनुसार, यूरोपीय देशों और लीबियाई समूह इस प्रवासन को रोकने के लिए सहयोग कर रहे हैं.
जून और जुलाई में कम से कम सात बार लीबियाई जहाजों ने उच्च गति से बचाव पोतों का पीछा किया. संगठन ने बताया कि बिना पहचान वाली स्पीडबोट्स अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र तक पीछा कर रही हैं और संकट में फंसे प्रवासियों की नावों को टक्कर मारकर लोगों की जान खतरे में डाल रही हैं. बीते साल लीबियाई तटरक्षकों पर रेस्क्यू शिप 'ओशियन वाइकिंग' पर 100 से अधिक गोलियां चलाने का आरोप लगा था. इस मामले में इटली, फ्रांस और जर्मनी में कानूनी कार्यवाही शुरू हुई है, लेकिन यूरोपीय अधिकारियों की चुप्पी पर संगठन ने स्वतंत्र जांच की मांग की है.
अंतरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन (आईओएम) के अनुसार कठोर यूरोपीय नीतियों के कारण प्रवास का प्रयास करने वालों की संख्या घटी है, लेकिन मौतें बढ़ी हैं. साल के पहले चार महीनों में 821 लोग मारे गए या लापता हुए, जो 2025 की इसी अवधि की तुलना में 111 प्रतिशत अधिक है. वहीं इसी अवधि में प्रवासियों का आगमन 46 प्रतिशत घटकर 8,577 रह गया है.
मॉस्को पहुंचे एस. जयशंकर, भारत-रूस रणनीतिक साझेदारी पर होगी चर्चा
भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर 27वें भारत-रूस अंतर-सरकारी आयोग (आईआरआईजीसी) की बैठक में भाग लेने के लिए दो दिवसीय दौरे पर मॉस्को पहुंचे हैं. रूस के प्रथम उप प्रधानमंत्री डेनिस मंटुरोव के निमंत्रण पर हो रही इस यात्रा के दौरान जयशंकर आयोग की बैठक की सह-अध्यक्षता करेंगे. उनके रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से भी मुलाकात करने की संभावना है, जिसमें द्विपक्षीय संबंधों के अलावा क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होगी. भारत और रूस के बीच दशकों पुराने संबंध व्यापार, ऊर्जा, विज्ञान-प्रौद्योगिकी और रक्षा सहयोग पर आधारित रहे हैं.
अमेरिका के नए बिल से क्या भारत पर लगेगा 100% टैरिफ?
जयशंकर की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर भारत के मॉस्को के साथ संबंधों पर पश्चिमी देशों की नजर बनी हुई है. हालांकि भारत लगातार संवाद और कूटनीतिक समाधान की वकालत करता रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले वर्ष राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बातचीत के दौरान कहा था कि भारत "तटस्थ नहीं है" बल्कि "शांति के पक्ष" में है. वहीं, सोमवार, 24 अगस्त को जयशंकर ने यूक्रेन के स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विदेश मंत्री आंद्री सिबिहा को शुभकामनाएं देते हुए दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय साझेदारी को और मजबूत करने की उम्मीद जताई.
2035 तक अपना स्पेस स्टेशन बनाएगा भारत, पहले मॉड्यूल को मिली मंजूरी
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के चेयरमैन डॉ. वी. नारायणन ने रविवार, 23 अगस्त को कहा कि भारत 2035 तक अपना अंतरिक्ष स्टेशन "भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन" स्थापित करने की दिशा में काम कर रहा है. अहमदाबाद में तीसरे राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पहले मॉड्यूल को मंजूरी मिल चुकी है. उन्होंने कहा कि गगनयान मानव अंतरिक्ष मिशन के साथ-साथ भारत के अपने स्पेस स्टेशन पर भी तेजी से काम चल रहा है.
निजी अंतरिक्ष यान उड़ाने की तैयारी में भारतीय कंपनी एलएंडटी
नारायणन ने कहा कि 64 वर्ष पहले शुरू हुए भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम ने आज देश को ऐसी स्थिति में पहुंचा दिया है जहां अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी का उपयोग आम नागरिकों की सेवा के लिए 50 से अधिक क्षेत्रों में किया जा रहा है. इनमें पृथ्वी अवलोकन, रिमोट सेंसिंग, दूरसंचार, टेलीविजन प्रसारण, टेली-शिक्षा, आपदा चेतावनी एवं प्रबंधन, नेविगेशन और रियल-टाइम मॉनिटरिंग जैसी सेवाएं शामिल हैं. उन्होंने कहा कि भारत वैश्विक अंतरिक्ष नेतृत्व के लक्ष्य के साथ नवाचार और सहयोग को बढ़ावा दे रहा है.
ईरानी मुद्रा रियाल रिकॉर्ड निचले स्तर पर, अनौपचारिक बाजार में एक डॉलर 22 लाख रियाल के करीब
अमेरिका की तरफ से नए कड़े प्रतिबंधों की घोषणा की तैयारी के बीच सोमवार, 24 अगस्त को ईरानी मुद्रा रियाल रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गई. अनौपचारिक बाजार में एक अमेरिकी डॉलर की कीमत बढ़कर 22 लाख रियाल हो गई. ईरान के केंद्रीय बैंक की आधिकारिक दर लगभग 15 लाख रियाल थी, लेकिन ज्यादातर आम नागरिक अनौपचारिक दर पर ही लेन-देन करते हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के नेतृत्व में पिछले छह महीनों से जारी युद्ध और अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी के कारण ईरान की अर्थव्यवस्था पर भारी दबाव बना हुआ है.
अमेरिका और इस्राएल ने 28 फरवरी को ईरान पर हमले शुरू किए थे, जिससे पहले से ही मुद्रास्फीति से जूझ रही ईरानी अर्थव्यवस्था को गहरा झटका लगा है. इसके बावजूद ट्रंप ईरान से समझौते पर कोई बड़ी सहमति नहीं बना पाए हैं. ईरान अब भी होर्मुज जलडमरूमध्य पर अपनी पकड़ बनाए हुए है. यह दुनिया के सबसे अहम तेल व्यापार मार्गों में से एक है. ईरान युद्ध शुरू होने से पहले दुनिया के कुल कच्चे तेल निर्यात का करीब 20 फीसदी हिस्सा इसी रास्ते से यूरोप, एशिया और उत्तरी अमेरिका के बाजारों तक पहुंचता था.
इस बीच ईरान और ओमान इस जलमार्ग के संयुक्त प्रबंधन की योजना को अंतिम रूप देने के करीब हैं. इस योजना के तहत खाड़ी में प्रवेश करने वाले जहाज ईरानी नियंत्रण वाले मार्ग से गुजरेंगे और बाहर निकलने वाले जहाज ओमान के नियंत्रण वाले मार्ग का उपयोग करेंगे. अमेरिकी सहयोगी ओमान के इस कदम से ट्रंप नाराज हैं और उन्होंने ओमान के हस्तक्षेप करने पर बमबारी की चेतावनी दी है. नए दौर की वार्ता के लिए ओमान के विदेश मंत्री मंगलवार, 25 अगस्त को ईरान का दौरा करेंगे.
भीषण गर्मी और सूखे ने चूसी जर्मनी की अर्थव्यवस्था, 36 अरब यूरो का नुकसान हुआ
जर्मनी में भीषण गर्मी और हफ्तों लंबे सूखे के कारण देश की अर्थव्यवस्था को कम से कम 36 अरब यूरो से अधिक का नुकसान हुआ है. यह आंकड़ा देश के कुल जीडीपी के 0.8 से 0.9 प्रतिशत के बराबर है. पर्यावरण संगठन ग्रीनपीस ने सोमवार, 24 अगस्त को यह रिपोर्ट जारी की. यह आकलन फसलों के नुकसान, जंगलों में लगी आग, स्वास्थ्य देखभाल लागत, घटती उत्पादकता और शिक्षा के क्षेत्र में हुए नुकसान को जोड़कर तैयार किया गया है.
ग्रीनपीस के वित्तीय विशेषज्ञ मॉरीसियो वर्गास ने कहा कि गर्मी और सूखे का यह मौसम लाखों लोगों और अर्थव्यवस्था के लिए एक तबाही साबित हुआ है. उन्होंने जर्मन सरकार से आगामी कैबिनेट बैठक में जलवायु संकट पर गंभीरता से कदम उठाने की मांग की है. जर्मनी में जून में लगातार तीन दिनों तक तापमान के रिकॉर्ड टूटे, जहां ब्रांडेनबर्ग राज्य में तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया.
भीषण गर्मी के कारण कामकाजी घंटों का बड़ा नुकसान हुआ है. सूखे की वजह से देश के कई हिस्सों में फसलों की पैदावार में भारी गिरावट आने की आशंका है. राइन जैसी प्रमुख नदियों में पानी का स्तर अत्यधिक गिरने से परिवहन रोकना पड़ा है. इससे कच्चे माल पर निर्भर रसायन, स्टील और खनिज जैसे उद्योग बुरी तरह प्रभावित हुए हैं.
भारतीय युवा प्रदर्शनकारियों पर 'अत्यधिक बल प्रयोग' हुआ: एमनेस्टी रिपोर्ट
छात्र-युवाओं के नेतृत्व में पिछले महीने हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान भारतीय पुलिस द्वारा अत्यधिक बल प्रयोग किए जाने का आरोप लगाते हुए एमनेस्टी इंटरनेशनल ने सोमवार, 24 अगस्त को एक रिपोर्ट जारी की. मानवाधिकार संगठन ने दावा किया कि दिल्ली और बिहार में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पैलेट गन, आंसू गैस, ग्रेनेड, लाठियों और इलेक्ट्रिक शॉक देने वाले उपकरणों का इस्तेमाल किया गया. एमनेस्टी के अनुसार, यह कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय मानकों और घरेलू पुलिस दिशानिर्देशों का उल्लंघन करती है.
दिल्ली पुलिस पर महिला प्रदर्शनकारी से यौन दुर्व्यवहार का आरोप
ये प्रदर्शन राष्ट्रीय मेडिकल प्रवेश परीक्षा (नीट) के पेपर लीक के मुद्दे को लेकर शुरू हुए थे और 20 जुलाई को उस समय हिंसक हो गए जब हजारों प्रदर्शनकारियों ने संसद की ओर मार्च करने की कोशिश की. एमनेस्टी का कहना है कि कुछ स्थानों पर पुलिस ने भीड़ के खिलाफ गैरकानूनी तरीके से घातक बल का इस्तेमाल किया, हालांकि किसी की मौत नहीं हुई. वहीं संगठन ने माना कि प्रदर्शनकारियों द्वारा पत्थरबाजी की कुछ अलग-थलग घटनाएं भी हुई थीं, लेकिन पुलिस की प्रतिक्रिया जरूरत से ज्यादा कठोर थी.
बढ़ती पुलिस सुरक्षा के बीच सीजेपी बोली, "जंतर मंतर कोई जेल नहीं है"
दूसरी ओर, दिल्ली पुलिस ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि बल का प्रयोग प्रदर्शनकारियों के हिंसक होने के बाद ही किया गया. इस बीच, सुप्रीम कोर्ट ने पुलिस और प्रदर्शनकारियों दोनों की भूमिका की जांच के लिए एक पैनल गठित किया है. विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी एक घायल छात्र के साथ धरना देकर मामले की जांच की मांग की. एमनेस्टी की रिपोर्ट पर भारत सरकार या पुलिस ने अब तक कोई टिप्पणी नहीं की है.
यूक्रेन को यूरोपीय आयोग की ओर से एक और बड़ी वित्तीय सहायता की मंजूरी
यूरोपीय आयोग ने सोमवार, 24 अगस्त को यूक्रेन के लिए 6.1 अरब यूरो यानी लगभग 68 हजार करोड़ भारतीय रुपये की अतिरिक्त वित्तीय सहायता को मंजूरी दी है. यह राशि एयर डिफेंस, मिसाइल, गोला-बारूद और रडार जैसे नए रक्षा प्रणालियों की खरीद के लिए दी गई है. यूरोपीय संघ ने कहा कि सहायता का यह नया पैकेज पहले से मंजूर 16 अरब यूरो के खरीद प्लान के अलावा है. इसमें से 8.35 अरब यूरो पहले ही दिए जा चुके हैं.
यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला फॉन डेय लाएन ने बयान जारी कर इस फैसले की घोषणा की. उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे रूस अपने हमलों को तेज कर रहा है, यूरोपीय संघ यूक्रेन की रक्षा के लिए अपने कदम बढ़ा रहा है. उन्होंने जोर देकर कहा कि यूरोप यूक्रेन के साथ मजबूती से खड़ा है. उन्होंने यह भी कहा कि यूक्रेन को जिस चीज की जरूरत जब होगी, यूरोप उसे मुहैया कराएगा.
ड्रोन की ताकत से यूक्रेन ने रूस के दूसरे सबसे बड़े रिटेलर के गोदामों को किया तहस नहस
रूसी ई-कॉमर्स दिग्गज कंपनी ‘ओजोन’ के चार गोदाम को यूक्रेनी ड्रोन हमलों में निशाना बनाया गया है. कंपनी ने सोमवार, 24 अगस्त को यह जानकारी दी. 22 अगस्त के बाद से निशाना बनाए गए ऐसे परिसरों की संख्या बढ़कर अब छह हो गई है.
ओजोन ने बताया कि डागेस्तान के मखचकला स्थित उसके गोदाम में ड्रोन हमले के बाद आग लग गई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वहां कई लोग घायल हुए हैं. क्रास्नोडार क्षेत्र के एनेम शहर स्थित परिसर में भी बड़ी आग लग गई. वहीं अदिगेया क्षेत्र के अदिगेयस्क और स्टावरोपोल क्षेत्र के नेविन्नोमिस्की के गोदामों से कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया.
इस खबर के बाद मॉस्को एक्सचेंज पर ओजोन के शेयर 12 प्रतिशत तक गिर गए. वहीं इसके प्रमुख शेयरधारक एएफके सिस्तेमा के शेयरों में लगभग 13 प्रतिशत की गिरावट आई.
महिला हॉकी वर्ल्ड कप: ऑस्ट्रेलिया से 0-0 से ड्रॉ के बाद भी सेमीफाइनल की रेस से बाहर भारत
एफआईएच विमेंस हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में रविवार, 23 अगस्त को ऑस्ट्रेलिया के साथ मुकाबला 0-0 से ड्रॉ होने के बावजूद भारतीय टीम खिताबी रेस से बाहर हो गई. दोनों टीमों ने पूरे मैच में कड़ा संघर्ष किया, लेकिन निर्धारित चार क्वार्टर में कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी. ऑस्ट्रेलिया के सेमीफाइनल में पहुंचने की वजह गोल के मुकाबले में भारत से आगे होना रहा. अब भारत पांचवें/छठे स्थान के लिए खेलेगा.
नीदरलैंड्स के एमस्टेलवीन के वागेनर हॉकी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में स्कोरलाइन 0-0 रहने के बावजूद ऑस्ट्रेलिया ने मैच के दौरान कई पेनाल्टी कॉर्नर हासिल किए, जबकि भारत की ओर से लगातार दबाव बनाने की कोशिश की गई.
इमरान खान की सेहत को लेकर 21 पूर्व कप्तानों का पाकिस्तान सरकार को पत्र
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पूर्व क्रिकेट कप्तान इमरान खान की सेहत को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ गई है. भारत के सुनील गावस्कर, कपिल देव और दिलीप वेंगसरकर समेत 21 पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कप्तानों ने पाकिस्तान सरकार को पत्र लिखकर इमरान खान के स्वास्थ्य और चिकित्सा सुविधाओं पर ध्यान देने की अपील की है. 73 साल के खान 2023 से जेल में हैं और भ्रष्टाचार के एक मामले में उन्हें तथा उनकी पत्नी को 17 साल की सजा सुनाई गई है, जिसे दोनों खारिज करते हैं.
पूर्व कप्तानों ने अपने पत्र में तीन प्रमुख मांगें रखी हैं. उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर गठित मेडिकल बोर्ड को इमरान खान की स्वतंत्र और पूर्ण स्वास्थ्य जांच करने की अनुमति दी जाए, खासकर उनके दाहिने आंख की रोशनी से जुड़ी चिंताओं को देखते हुए. इसके अलावा उन्होंने अदालत के आदेश के अनुसार परिवार के साप्ताहिक मुलाकात अधिकार को बिना किसी बाधा के बहाल रखने तथा मेडिकल जांच के बाद सुझाए गए उपचार को तुरंत उपलब्ध कराने की मांग की.
पत्र पर हस्ताक्षर करने वालों में इंग्लैंड के माइकल एथरटन, नासिर हुसैन और एंड्रयू स्ट्रॉस, ऑस्ट्रेलिया के एलन बॉर्डर, एडम गिलक्रिस्ट और स्टीव वॉ, वेस्टइंडीज के क्लाइव लॉयड तथा न्यूजीलैंड के जॉन राइट जैसे दिग्गज शामिल हैं. इमरान खान 2018 से 2022 तक पाकिस्तान के प्रधानमंत्री रहे थे, लेकिन अविश्वास प्रस्ताव के जरिए सत्ता से हटाए जाने के बाद से उन पर कई कानूनी मामले दर्ज हुए हैं. इमरान खान और उनकी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) इन मामलों को राजनीतिक प्रतिशोध का हिस्सा बताते आए हैं.
न्यूजीलैंड भी बच्चों के सोशल मीडिया बैन की तैयारी में
न्यूजीलैंड सरकार सोमवार, 24 अगस्त को 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर प्रतिबंध लगाने वाला कानून पेश करने जा रही है. ऑनलाइन सेफ्टी बिल के तहत इंस्टाग्राम, टिकटॉक, स्नैपचैट और फेसबुक जैसे प्लेटफॉर्म्स को वेरीफाई करना होगा कि उनके यूजर्स 16 साल या उससे ज्यादा की उम्र के हों. इसके लिए फेशियल एज एस्टीमेशन और डिजिटल आईडी जैसे तरीकों का इस्तेमाल किया जाएगा. नियमों का पालन न करने वाली कंपनियों पर उनके ग्लोबल रेवेन्यू का 10 फीसदी जुर्माने के तौर पर देना पड़ेगा.
तन्हाई भी बिकती है! लोनलीनेस इन्फ्लुएंसरों के कंटेंट पर बरस रहे हैं क्लिक
न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने कहा कि बच्चों को हो रहे नुकसान को अनदेखा नहीं किया जा सकता. उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य, नींद और शिक्षा पर पड़ रहे बुरे असर का हवाला दिया. शिक्षा मंत्री एरिका स्टैनफोर्ड ने स्पष्ट किया कि जुर्माना केवल टेक प्लेटफॉर्म्स पर लगेगा, परिवारों पर नहीं. न्यूजीलैंड पड़ोसी देश ऑस्ट्रेलिया सहित दुनिया के कई अन्य देशों के नक्शे कदम पर चल रहा है.
हालांकि इस बिल का भविष्य अनिश्चित बना हुआ है. गठबंधन सहयोगी एनजेड फर्स्ट और एसीटी दोनों ने इसकी प्रभावशीलता पर सवाल उठाते हुए विरोध व्यक्त किया है. ऑस्ट्रेलिया का ऐसा ही प्रतिबंध पिछले साल लागू हुआ था. हालांकि एएफपी की रिपोर्ट के मुताबिक जून के एक अध्ययन में किशोरों के सोशल मीडिया इस्तेमाल में बहुत कम कमी देखी गई थी.