18 जून की बड़ी खबरें और अपडेट्स
भारत और दुनिया की बड़ी खबरें एक साथ, एक ही जगह पढ़ने के लिए आप सही पेज पर हैं.
भारत और दुनिया की बड़ी खबरें एक साथ, एक ही जगह पढ़ने के लिए आप सही पेज पर हैं. इस लाइव ब्लॉग को हम लगातार अपडेट कर रहे हैं, ताकि ताजा खबरें आप तक पहुंचा सकें.अमेरिका और ईरान ने शांति समझौते पर हस्ताक्षर किए
ट्रंप ने फ्रांस के वर्साय महल में अंतरिम शांति समझौते पर किए हस्ताक्षर
अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने बुधवार, 17 जून की रात फ्रांस के वर्साय महल में अंतरिम शांति समझौते पर हस्ताक्षर किए. वहीं, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने तेहरान में इस समझौते पर हस्ताक्षर किए. इस 14-सूत्रीय समझौते का मुख्य उद्देश्य पिछले करीब चार महीनों से दोनों देशों के बीच जारी युद्ध को तुरंत समाप्त करना और क्षेत्र में शांति स्थापित करना है.
इस अंतरिम समझौते के तहत पिछले कई महीनों से बंद पड़े और व्यापार के लिए बेहद महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य को अगले 30 दिनों के भीतर फिर से नौवहन के लिए खोल दिया जाएगा. इसके साथ ही अमेरिका ईरान पर लगी नौसैनिक नाकेबंदी को हटाएगा और ईरानी कच्चे तेल के निर्यात के लिए प्रतिबंधों में ढील देगा. बदले में, ईरान अगले 60 दिनों तक अपने परमाणु कार्यक्रम पर मौजूदा स्थिति बनाए रखने के लिए सहमत हुआ है.
जी-7 शिखर सम्मेलन के बाद फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमानुएल माक्रों के साथ डिनर के दौरान ट्रंप ने इस समझौते पर हस्ताक्षर किए. माक्रों ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर इसका वीडियो भी साझा किया.
हालांकि, राष्ट्रपति ट्रंप ने चेतावनी दी है कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर अगले 60 दिनों के भीतर अंतिम समझौता होना जरूरी है. उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि इन 60 दिनों में ईरान की ओर से नियमों का उल्लंघन हुआ या बातचीत विफल रही, तो अमेरिका फिर से बमबारी और सैन्य हमले शुरू कर सकता है.