देश की खबरें | भजनलाल शर्मा राजस्थान के नए मुख्यमंत्री, दीया कुमार और प्रेमचंद बैरवा उपमुख्‍यमंत्री

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े और पहली बार के विधायक भजनलाल शर्मा राजस्थान के नए मुख्यमंत्री होंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक दल की मंगलवार शाम यहां हुई बैठक में शर्मा को विधायक दल का नेता चुना गया।

जयपुर, 12 दिसंबर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े और पहली बार के विधायक भजनलाल शर्मा राजस्थान के नए मुख्यमंत्री होंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक दल की मंगलवार शाम यहां हुई बैठक में शर्मा को विधायक दल का नेता चुना गया।

इसके साथ ही राज्य में नए मुख्यमंत्री को लेकर कई दिनों से चल रही अटकलों पर विराम लग गया। पार्टी द्वारा विधायक प्रेमचंद बैरवा व दीया कुमारी को राजस्थान का उपमुख्यमंत्री बनाने की घोषणा की गई है।

शर्मा से पहले राजस्थान में ब्राह्मण समुदाय से आने वाले आखिरी मुख्यमंत्री हरिदेव जोशी थे।

शर्मा ने विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद पहली प्रतिक्रिया में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राजस्थान का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जाएगा। शर्मा बाद में पार्टी के अन्य नेताओं के साथ राजभवन में राज्यपाल कलराज मिश्र से मिले। पार्टी की ओर से सरकार बनाने का दावा पेश क‍िया गया।

पार्टी विधायक दल की बैठक यहां पार्टी मुख्यालय में हुई। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने विधायक दल के नेता के रूप में भजनलाल शर्मा के नाम का प्रस्ताव रखा जिसे विधायक दल ने स्वीकार कर लिया।

भजनलाल भाजपा के प्रदेश महासचिव हैं। उनके पास राजनीति विज्ञान में स्नातकोत्तर की डिग्री है। शर्मा (56) ने जयपुर की सांगानेर सीट 48,081 वोटों के अंतर से जीती है। वह भरतपुर जिले का रहने वाले हैं।

बैठक में भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और दो सह-पर्यवेक्षक विनोद तावड़े और सरोज पांडे मौजूद थे। राजनाथ सिंह ने मीडिया को बताया कि विधायक दीया कुमारी व प्रेम चंद बैरवा उपमुख्यमंत्री होंगे। वहीं वासुदेव देवनानी विधानसभा अध्यक्ष होंगे।

राजनाथ सिंह ने कहा, ‘‘मैं आश्‍वस्‍त है कि भजनलाल के नेतृत्व में राजस्थान प्रगति के पथ पर तेजी से आगे बढ़ेगा।’’

राज्य में विधानसभा की 200 में 199 सीटों पर हुए चुनाव में भाजपा को 115 सीटों पर जीत मिली।

विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद शर्मा ने मीडिया से कहा कि राज्य का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा,‘‘मैं इतना विश्वास दिलाना चाहता हूं कि राजस्थान की यह जो टीम है... राजस्थान के जो हमारे सभी विधायक हैं... निश्चित रूप हमसे, भारतीय जनता पार्टी से जो राजस्थान की अपेक्षा है, हम यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में हम राजस्थान का पूरी तरह से सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करेंगे। यह मैं आप सभी को विश्वास दिलाता हूं।’’

शर्मा व अन्य नेता बाद में राजभवन में राज्यपाल मिश्र से मिले। शर्मा के साथ पार्टी के केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह व प्रहलाद जोशी तथा पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी थीं। नामित उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा व दीया कुमारी भी राज्यपाल से मिले।

राजभवन के बयान के अनुसार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सी. पी. जोशी ने राज्यपाल को राजस्थान में मुखयमंत्री के रूप में भजन लाल शर्मा के नाम का पत्र प्रस्तुत किया। उन्हें विधायक दल का नेता चुने जाने संबंधी पत्र भी सौंपा।

उल्लेखनीय है कि बीते दो दशक में पहली बार भाजपा की ओर से राजस्थान में कोई नया चेहरा मुख्यमंत्री होगा। इससे पहले वसुंधरा राजे 2003 से 2008 और 2013 से 2018 तक दो बार मुख्यमंत्री पद पर रह चुकी हैं। इस बार भी उन्हें मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल माना जा रहा था।

पार्टी की द्वारा राज्य की कमान जिन तीन नेताओं को दी गई है वे जयपुर से हैं। भावी मुख्यमंत्री जयपुर की सांगानेर सीट से विधायक हैं तो भावी उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी जयपुर की विद्याधरनगर से और भावी उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा जयपुर के पास दुदू सीट से विधायक हैं।

शर्मा ब्राह्मण समुदाय से आते हैं जबकि दीया कुमारी राजपूत समुदाय से और बैरवा दलित समुदाय से आते हैं। वहीं भावी विधानसभा अध्यक्ष देवनानी सिंधी समुदाय से आते हैं। वे अजमेर उतर सीट से व‍िधायक हैं।

प्रेम चंद बैरवा (54) दूदू को पार्टी की राजस्थान इकाई के दलित चेहरे के रूप में देखा जाता है।

वहीं, जयपुर के पूर्व राजपरिवार की सदस्य दीया कुमारी दो बार विधायक और एक बार सांसद रह चुकी हैं। दीया कुमारी राजसमंद से भाजपा की सांसद थीं और उन्हें जयपुर के विद्याधरनगर सीट से विधानसभा चुनाव में टिकट दिया गया था। वह 2013 में सवाई माधोपुर विधानसभा सीट से पहली बार विधायक चुनी गईं। 2019 के लोकसभा चुनाव में वह राजसमंद से सांसद चुनी गईं।

दीया (51) जयपुर के पूर्व राजपरिवार के सवाई भवानी सिंह की बेटी हैं। भवानी सिंह ने 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में 10वीं पैराशूट रेजिमेंट के पैरा कमांडो के लेफ्टिनेंट कर्नल और कमांडिंग ऑफिसर के रूप में गौरव हासिल किया था।

घोषणा के तुरंत बाद, शर्मा और अन्य लोगों के आवासों पर जश्न शुरू हो गया।

भजन लाल शर्मा की पत्नी ने जयपुर स्थित आवास पर मीडिया से कहा, ''मैं लोगों और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद देती हूं।’’

शर्मा ने अपनी स्कूली शिक्षा नदबई शहर, भरतपुर से पूरी की और राजकीय महाविद्यालय भरतपुर से कला में स्नातक की पढ़ाई पूरी की। उन्होंने जयपुर में राजस्थान विश्वविद्यालय से एमए (राजनीति विज्ञान) की उपाधि प्राप्त की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

India vs Zimbabwe, T20 World Cup 2026 48th Match Scorecard: चेन्नई में टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे को 72 रनों से दी करारी शिकस्त, सेमीफाइनल की उम्मीदें बरकरार; यहां देखें IND बनाम ZIM मैच का स्कोरकार्ड

Australia Women vs India Women, 2nd ODI Key Players To Watch Out: ऑस्ट्रेलिया महिला बनाम भारत महिला के बीच दूसरे वनडे में इन स्टार खिलाड़ियों पर होगी सबकी निगाहें

Australia Women vs India Women, 2nd ODI Pitch Report: दूसरे वनडे में भारत महिला के बल्लेबाज दिखाएंगे दम या ऑस्ट्रेलिया महिला के गेंदबाज करेंगे कमाल? यहां जानें पिच रिपोर्ट

India vs Zimbabwe, T20 World Cup 2026 48th Match Scorecard: चेन्नई में टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे के सामने रखा 257 रनों का टारगेट, अभिषेक शर्मा ने खेली धमाकेदार पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

\