नयी दिल्ली, 25 अप्रैल भारतीय बास्केटबॉल महासंघ (बीएफआई) के अध्यक्ष केम्पारेड्डी गोविंदराज का अगले महीने बेंगलुरू में इस खेल की एशियाई संस्था की कांग्रेस के दौरान उसका अध्यक्ष चुना जाना लगभग तय है।
महाद्वीपीय संचालन संस्था फिबा एशिया के अध्यक्ष का पद छह उप क्षेत्रों- पूर्व एशिया, दक्षिण-पूर्व एशिया, मध्य एशिया, दक्षिण एशिया और खाड़ी तथा पश्चिम एशिया के बीच बारी-बारी से दिया जाता है।
अब 2023-27 की अवधि के लिए अपने सदस्य राष्ट्रीय महासंघों में से फिबा एशिया अध्यक्ष को नामित करने के लिए दक्षिण एशिया बास्केटबॉल संघ की बारी है जिसने गोविंदराज को नामित किया है।
महाद्वीपीय संचालन संस्था के प्रमुख के रूप में गोविंदराज के नाम को आधिकारिक स्वीकृति 22 मई को यहां फिबा एशिया कांग्रेस दी जाएगी।
वर्तमान में फिबा एशिया बोर्ड के सदस्य गोविंदराज महाद्वीपीय बास्केटबॉल संचालन संस्था का नेतृत्व करने वाले पहले भारतीय होंगे।
वह कतर के शेख सऊद अली अल थानी की जगह लेंगे जिन्होंने 2002 से फिबा एशिया के प्रमुख के रूप में अपना पांच साल का चौथा कार्यकाल पूरा किया।
कर्नाटक में विधान परिषद के सदस्य गोविंदराज ने पीटीआई से कहा, ‘‘एशिया की बास्केटबॉल संचालन संस्था का पहला भारतीय प्रमुख बनना मेरे लिए सम्मान की बात है। मैं एशिया और भारत में बास्केटबॉल के विकास के लिए और भी कड़ी मेहनत करना जारी रखूंगा।’’
फिबा एशिया के कार्यकारी निदेशक हागोप खाजिरियन ने बयान में कहा, ‘‘...गोविंदराज यह सुनिश्चित करेंगे कि फिबा एशिया अध्यक्ष के रूप में उनका अनुभव सभी हितधारकों के बीच पहुंचे।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY