देश की खबरें | बेरहामपुर आईटीआई ने कबाड़ से नेताजी की छह फुट की प्रतिमा बनाई, उनकी जयंती पर अनावरण किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बेरहामपुर में सरकार द्वारा संचालित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईटीआई) के छात्रों ने ऑटोमोबाइल के कबाड़ से महात्मा गांधी की प्रतिमा बनाने के बाद अब इसके इस्तेमाल से नेताजी सुभाष चंद्र बोस की छह फुट ऊंची प्रतिमा बनाई है।
बेरहामपुर (ओडिशा), 23 जनवरी बेरहामपुर में सरकार द्वारा संचालित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईटीआई) के छात्रों ने ऑटोमोबाइल के कबाड़ से महात्मा गांधी की प्रतिमा बनाने के बाद अब इसके इस्तेमाल से नेताजी सुभाष चंद्र बोस की छह फुट ऊंची प्रतिमा बनाई है।
राष्ट्रवादी नेता को श्रद्धांजलि देने के लिए उनकी 126वीं जयंती पर सोमवार को संस्थान के परिसर में इस 1.5 टन की प्रतिमा को स्थापित किया गया।
आईटीआई के प्राचार्य रजत कुमार पाणिग्रही ने बताया कि प्रतिमा बनाने में बिजली के पंखे, मोटरसाइकिल की चेन, नट और बोल्ट, गियर, लोहे की छड़ और अन्य बेकार पड़ी सामग्री का इस्तेमाल किया गया।
उन्होंने कहा, ‘‘छात्रों ने इलेक्ट्रिक वर्कशॉप और ऑटोमोबाइल गैरेज से प्रतिमा बनाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले कबाड़ को मुफ्त में एकत्र किया… प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘कचरे से कंचन’ बनाने का आह्वान किया है। हमारे संस्थान ने विभिन्न मूर्तियों को बनाने के लिए बेकार और इस्तेमाल नहीं होने वाली सामग्री का उपयोग किया है, जो परिसर में पड़ी है।’’
प्राचार्य ने कहा कि कबाड़ चुनने के दो उद्देश्य थे- स्वच्छता को बढ़ावा देना और छात्रों की नवीन प्रतिभाओं को विकसित करना। फिटर, वेल्डर, पेंटर और संस्थान की कुछ अन्य शाखाओं के लगभग 30 छात्रों के साथ-साथ कुछ संकाय सदस्यों को उनके मार्गदर्शन में प्रतिमा बनाने में लगभग 15 दिन लगे।
पाणिग्रही ने कहा कि प्रतिमा को कांच के डिब्बे में रखा जाएगा।
पिछले साल गांधी जयंती के मौके पर संस्थान के छात्रों ने ऑटोमोबाइल कबाड़ से महात्मा गांधी की छह फुट ऊंची प्रतिमा बनाई थी। इसने वेल्डेड मार्वल्स - 2022 पर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में ‘ट्रैश टू ट्रेजर’ खंड में प्रथम पुरस्कार जीता था।
प्राचार्य ने कहा कि छात्रों द्वारा कबाड़ से बनाई गई एक मछली की प्रतिकृति को भी उसी प्रतियोगिता में दूसरा पुरस्कार मिला।
इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ वेल्डिंग (आईआईडब्ल्यू) द्वारा एसोसिएशन ऑफ वेल्डिंग प्रोडक्ट्स मैन्युफैक्चरर्स के सहयोग से पिछले सप्ताह चेन्नई में आयोजित एक समारोह में पुरस्कार प्रदान किए गए। उन्होंने कहा कि आईआईडब्ल्यू में दो कार्यों को प्रदर्शित किया जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)