कोलकाता, दो जुलाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की चार महिला विधायकों ने उत्तर दिनाजपुर जिले में एक युगल पर हमले और कूचबिहार में एक महिला को कथित रूप से प्रताड़ित करने की घटना के विरोध में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन पश्चिम बंगाल विधानसभा के बाहर प्रदर्शन किया।
आसनसोल से भाजपा विधायक अग्निमित्रा पॉल और तीन अन्य विधायकों ने दोनों घटनाओं में शामिल लोगों को सजा देने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि भाजपा विधायकों ने विधानसभा परिसर के बाहर प्रदर्शन किया, ताकि लोगों को इस तथ्य से अवगत कराया जा सके कि तृणमूल कांग्रेस के शासन में पश्चिम बंगाल की महिलाएं ‘‘सुरक्षित नहीं’’ हैं।
भाजपा की राज्य इकाई की महासचिव पॉल ने कहा, ‘‘पश्चिम बंगाल में महिलाओं पर हो रहे अत्याचारों के बारे में लोगों को बताने के लिए हम विधानसभा के बाहर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। राज्य में महिलाएं बिल्कुल भी सुरक्षित नहीं हैं।’’
उत्तरी दिनाजपुर जिले के चोपड़ा इलाके में कथित अवैध संबंधों को लेकर एक युगल की बेरहमी से पिटाई किए जाने का वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था।
वीडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि ‘पीटीआई’ द्वारा स्वतंत्र रूप से नहीं की जा सकी है।
पुलिस ने घटना पर स्वत: संज्ञान लेते हुए आरोपी तजमुल उर्फ जेसीबी को गिरफ्तार कर लिया था।
भाजपा ने आरोप लगाया कि आरोपी, चोपड़ा से विधायक हमीदुल इस्लाम का करीबी है।
तृणमूल कांग्रेस ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि पार्टी इस तरह की गतिविधियों का समर्थन नहीं करती।
कूचबिहार जिले के माथाभंगा में 25 जून को भाजपा की एक महिला नेता को कथित रूप से निर्वस्त्र कर उसे प्रताड़ित किया गया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY