बायर्न को रिकॉर्ड में इजाफा करने वाला लगातार 11वां खिताब जीतने के लिए अंतिम दो मैच जीतने थे लेकिन लेपजिग के खिलाफ म्यूनिख में उसकी हार के साथ टीम की राह मुश्किल हो गई जबकि डोर्टमंड को शीर्ष पर जगह बनाने का मौका मिल गया।
बायर्न को 25वें मिनट में सर्गी गनेबरी ने बढ़त दिलाई। टीम मध्यांतर पर 1-0 से आगे थी।
दूसरे हाफ में कोनरेड लेमर ने 64वें मिनट में लेपजिग को बराबरी दिला दी जबकि क्रिस्टोफर एनकुंकू (76वें) और डोमीनिक जोबोस्जलाई (86वें मिनट) ने पेनल्टी पर गोल दागकर टीम की 3-1 से जीत सुनिश्चित की।
इस हार के बावजूद बायर्न की टीम 33 मैच में 68 अंक के साथ शीर्ष पर है। डोर्टमंड के पास रविवार को अंक तालिका के निचले हिस्से में चल रहे ऑग्सबर्ग को हराकर तालिका में शीर्ष पर पहुंचने का मौका होगा। टीम के 32 मैच में 67 अंक हैं।
इस बीच शाल्के ने एनट्रेक्ट फ्रेंकफर्ट से 2-2 से ड्रॉ खेला जिससे उस पर निचली लीग में खिसकने का खतरा बढ़ गया है।
चौथे स्थान पर चल रहे यूनियन बर्लिन ने चैंपियन्स लीग के लिए दावा मजबूत करने का मौका गंवा दिया जब उसे होफेनहीम के खिलाफ 2-4 से हार का सामना करना पड़ा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY