खेल की खबरें | बशीर ने दिए भारत को झटके, जायसवाल ने फिर संभाला मोर्चा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. बेहतरीन फॉर्म में चल रहे सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने फिर से एक तरफ से मोर्चा संभाले रखा लेकिन दूसरे छोर से ऑफ स्पिनर शोएब बशीर के झटकों के कारण भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट क्रिकेट मैच के दूसरे दिन शनिवार को यहां चाय के विश्राम तक चार विकेट पर 131 रन बनाए।

रांची, 24 फरवरी बेहतरीन फॉर्म में चल रहे सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने फिर से एक तरफ से मोर्चा संभाले रखा लेकिन दूसरे छोर से ऑफ स्पिनर शोएब बशीर के झटकों के कारण भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट क्रिकेट मैच के दूसरे दिन शनिवार को यहां चाय के विश्राम तक चार विकेट पर 131 रन बनाए।

पिछले दो मैच में दोहरे शतक जमाने वाले जायसवाल अभी 96 गेंद पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 54 रन बनाकर खेल रहे हैं। उनके साथ दूसरे छोर पर खड़े सरफराज खान ने एक रन बनाया है। इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 353 रन बनाए थे और इस तरह से भारत उससे अभी 222 रन पीछे है।

भारत ने पहले सत्र में कप्तान रोहित शर्मा (02) तथा दूसरे सत्र में शुभमन गिल (38), रजत पाटीदार (17) और रविंद्र जडेजा (12) के विकेट गंवाए। इंग्लैंड की तरफ से दूसरे सत्र में तीनों विकेट बशीर (32 रन देकर तीन विकेट) ने लिये।

इससे पहले इंग्लैंड की पारी का आकर्षण जो रूट का शतक रहा। वह 122 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत की तरफ से जडेजा ने 67 रन देकर चार विकेट लिए।

भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने तीसरे ओवर में ही रोहित का विकेट गंवा दिया। अनुभवी जेम्स एंडरसन की ऑफ स्टंप से बाहर जाती गेंद रोहित के बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर बेन फॉक्स के दस्तानों में समा गई।

जायसवाल ने गिल के साथ दूसरे विकेट के लिए 82 रन की साझेदारी करके भारतीय पारी को संवारने का बीड़ा उठाया। यह दोनों बल्लेबाज सहज होकर बल्लेबाजी कर रहे थे लेकिन 44 रन के अंदर तीन विकेट गंवाने से भारत फिर बैकफुट पर चला गया।

गिल शुरू में सतर्कता बरतने के बाद जब अपने नैसर्गिक अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे थे तब बशीर की गेंद पर अंपायर ने उन्हें पगबाधा आउट दे दिया। भारतीय बल्लेबाज ने डीआरएस का सहारा भी लिया लेकिन इससे भी कोई फायदा नहीं हुआ।

जायसवाल जब 40 रन पर थे तब इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने उन्हें जीवनदान दिया। इस युवा बल्लेबाज ने इसके बाद ओली रॉबिंसन के खिलाफ अपने कदमों का अच्छा इस्तेमाल किया और बशीर पर छक्का भी जमाया।

पाटीदार फिर से मौके का फायदा उठाने में असफल रहे। वह बशीर की गेंद पर पगबाधा आउट होने से पहले अपनी पारी के दौरान किसी भी समय सहज नहीं दिखे। जडेजा ने टॉम हार्टली पर लगातार दो छक्के लगाए लेकिन बशीर ने अगले ओवर में उन्हें ओली पोप के हाथों कैच करा दिया।

इंग्लैंड ने सुबह अपनी पहली पारी 7 विकेट पर 302 रन से आगे बढ़ाई। जडेजा ने पहले सत्र में बाकी बचे तीन विकेट लेकर भारत को वापसी दिलाई।

रॉबिंसन ने अपने करियर का पहला अर्धशतक जमाने के बाद अपना विकेट इनाम में दिया। उन्होंने रूट के साथ आठवें विकेट के लिए 102 रन की साझेदारी की। इससे इंग्लैंड पहले दिन लंच तक 112 रन पर 5 विकेट गंवाने के बावजूद चुनौती पूर्ण स्कोर खड़ा करने में सफल रहा। इंग्लैंड ने इसके बाद 241 रन जोड़े।

रॉबिंसन ने मोहम्मद सिराज की दिन की पहली गेंद पर चौका लगाकर शानदार शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने आकाशदीप पर तीन चौके लगाए लेकिन जडेजा पर रिवर्स स्वीप करने के प्रयास में उन्होंने अपना विकेट इनाम में दिया। गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर ध्रुव जुरेल के सुरक्षित दस्तानों में चली गई।

जडेजा ने इसके बाद बशीर और एंडरसन को खाता भी नहीं खोलने दिया और इस तरह से इंग्लैंड की पारी का अंत किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

DC vs DC, IPL 2026 18th Match Stats And Preview: टूर्नामेंट के 18वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को हराकर जीत का स्वाद चखना चाहेगी चेन्नई सुपरकिंग्स, मैच से पहले जानें स्टैट्स एंड प्रीव्यू

PBKS vs SRH, IPL 2026 17th Date And Time: कब और कितने बजे से खेला जाएगा पंजाब किंग्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद के बीच महा-मुकाबला? इस स्टेडियम में भिड़ेंगी दोनों टीमें, यहां जानें वेन्यू समेत मैच से जुड़ी सभी जानकारी

PBKS vs SRH, IPL 2026 17th Match Stats And Preview: टूर्नामेंट के 17वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को हराकर तीसरी जीत दर्ज करना चाहेगी पंजाब किंग्स, मैच से पहले जानें स्टैट्स एंड प्रीव्यू

RR vs RCB, IPL 2026 16th Match Live Score Update: बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेला जा रहा हैं रोमांचक मुकाबला, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट