देश की खबरें | बाल ठाकरे के करीबी पारिवारिक सहायक चंपा सिंह थापा शिंदे गुट में शामिल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. शिवसेना संस्थापक बाल ठाकरे के घर पर उनके साथ लंबे अरसे तक काम करने वाले चम्पा सिंह थापा और मोरेश्वर राजे सोमवार को मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले गुट में शामिल हो गए।
ठाणे, 26 सितंबर शिवसेना संस्थापक बाल ठाकरे के घर पर उनके साथ लंबे अरसे तक काम करने वाले चम्पा सिंह थापा और मोरेश्वर राजे सोमवार को मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले गुट में शामिल हो गए।
थापा शिवसेना के संस्थापक के विश्वस्त थे और उन्होंने ठाकरे की 27 साल तक नवंबर 2012 में उनके निधन से पहले तक सेवा की।
राजे ‘मातोश्री’ में बाल ठाकरे के लिए फोन उठाते थे। उन्होंने बांद्रा स्थित उनके आवास में कम से कम 35 साल गुजारे हैं।
मुख्यमंत्री शिंदे ने अपने अगुवाई वाले गुट में थापा और राजे का शॉल ओढ़ा कर स्वागत किया।
उन्होंने कहा, “ नवरात्र के इस पावन अवसर पर सभी इस बात से खुश हैं कि त्योहारों पर लगे (महामारी संबंधी) प्रतिबंध हटा दिए गए हैं। बहुत उत्साह है।"
शिंदे ने कहा कि थापा और राजे बाल ठाकरे की छाया की तरह थे और दोनों के उनके गुट में शामिल होने से उत्सव का सुखद वातावरण और बढ़ गया है।
शिंदे ने कहा कि दोनों ने उनके गुट में शामिल होने का फैसला किया क्योंकि वह "असली" शिवसेना का प्रतिनिधित्व करते हैं और शिवसेना संस्थापक और हिंदुत्व की शिक्षाओं को आगे बढ़ा रहे हैं।
उन्होंने कहा, “ बालासाहेब साफ बातें करते थे। लोग बालासाहेब को अच्छी तरह से जानते थे और इसलिए उन्होंने (राजे और थापा) महा विकास आघाड़ी के तहत कांग्रेस और राकांपा के साथ शिवसेना के गठबंधन को स्वीकार नहीं किया।“
इस मौके पर पालघर जिला परिषद के अध्यक्ष वैदेही वडन और स्थानीय निकाय के कुछ सदस्य भी शिंदे गुट में शामिल हुए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)