चंडीगढ़, 29 नवंबर पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने बुधवार को प्रदेश की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार से पूछा कि प्रदेश सरकार के कर्मचारियों के लिये पुरानी पेंशन योजना लागू करने की समय सीमा क्या है।
पंजाब विधानसभा के दो दिवसीय सत्र के अंतिम दिन शून्यकाल के दौरान कांग्रेस नेता ने यह इंगित किया कि हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान की कांग्रेस सरकारों ने पहले ही पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) लागू कर दी है।
बाजवा ने कहा कि भगवंत मान सरकार ने पिछले साल ही पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) लागू करने की घोषणा की थी, लेकिन अब तक ऐसा नहीं हो सका है ।
सरकारी कर्मचारियों के साथ अपनी बैठक का हवाला देते हुये बाजवा ने पूछा कि ओपीएस कब से लागू किया जायेगा ।
पिछले साल नवंबर में प्रदेश कैबिनेट ने ओपीएस योजना के कार्यान्वयन को मंजूरी दे दी थी, जिसे 2004 में बंद कर दिया गया था।
बाजवा ने सरकारी कर्मचारियों के लंबित महंगाई भत्ते का मुद्दा भी उठाया और राज्य सरकार से पूछा कि इसका भुगतान कब किया जाएगा। बाजवा ने कहा, ‘‘कर्मचारियों का 12 प्रतिशत डीए लंबित है।’’
निर्दलीय विधायक राणा इंदर प्रताप सिंह ने पंजाब में पराली जलाने का मुद्दा उठाया और कहा कि राज्य में एक करोड़ टन धान की पराली के प्रबंधन के लिए 10,000 ‘बेलर’ मशीनों की आवश्यकता है।
सुल्तानपुर लोधी के विधायक ने कहा कि वर्तमान में राज्य में 2,500 ‘बेलर’ मशीन हैं। उन्होंने कहा कि पराली जलाने से रोकने के लिए प्रत्येक गांव में ऐसी एक मशीन की जरूरत है।
अकाली विधायक सुखविंदर कुमार सुखी ने ‘गैंगस्टर’ लॉरेंस विश्नोई के टीवी साक्षात्कार का मसला उठाया और कहा कि आठ महीने हो चुके हैं लेकिन यह अब तक पता नहीं चल पाया है कि यह साक्षात्कार कहां लिया गया था ।
बिश्नोई 2022 में गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के आरोपियों में से एक है । इस साल मार्च में एक निजी समाचार चैनल ने बिश्नोई का दो साक्षात्कार प्रसारित किया था।
पंजाब पुलिस ने बिश्नोई के साक्षात्कार की जांच के लिये विशेष जांच दल का गठन किया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY