देश की खबरें | बजरंग दल नेता मोनू मानेसर हरियाणा में गिरफ्तार, राजस्थान पुलिस ने ‘ट्रांजिट रिमांड’ पर लिया

गुरुग्राम/जयपुर, 12 सितंबर हरियाणा के नूंह जिले में जुलाई में हुई हिंसा एवं राजस्थान में दो मुस्लिमों की हत्या के मामले में आरोपी गोरक्षक मोनू मानेसर को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

राजस्थान पुलिस ने मोनू के खिलाफ फरवरी में दो मुस्लिमों की हत्या करने का मामला दर्ज किया था। इसके अलावा उस पर हरियाणा में सांप्रदायिक नफरत फैलाने का भी आरोप है।

अधिकारियों के अनुसार, नूंह की एक अदालत से ‘ट्रांजिट रिमांड’ मिलने के बाद उसे राजस्थान पुलिस को सौंप दिया गया। नूंह पुलिस ने उसे कथित तौर पर गुरुग्राम के मानेसर से गिरफ्तार किया।

पुलिस ने बताया कि मोनू के पास से एक पिस्तौल, तीन कारतूस और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है।

नूंह पुलिस ने बताया कि उसने मानक प्रक्रिया का पालन करते हुए पड़ोसी राज्यों और जिलों को उसकी गिरफ्तारी के बारे में सूचित किया। राजस्थान का डीग जिला नूंह से सटा है।

मानेसर का असली नाम मोहित यादव है। उसपर कुछ लोगों द्वारा 31 जुलाई की घटना को भड़काने का आरोप लगाया गया था, जिसके तहत नूंह में भीड़ ने विश्व हिंदू परिषद की शोभा यात्रा को निशाना बनाया था- जिसमें छह लोगों की मौत हो गई थी।

हालांकि, नूंह पुलिस द्वारा मोनू मानेसर के खिलाफ दर्ज की गई प्राथमिकी सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक संदेश से संबंधित है। नूंह पुलिस ने कहा कि यह पोस्ट धर्म के आधार पर समूहों के बीच वैमनस्य पैदा करने का प्रयास था। इसमें कथित तौर पर आपत्तिजनक का इस्तेमाल किया गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)