बघेल ने प्रधानमंत्री से अभी अंतरराज्यीय सीमाएं नहीं खोलने का आग्रह किया

बघेल ने 17 मई को समाप्त होने वाले लॉकडाउन के उपरांत आगे की रणनीति के संबंध में प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर कई सुझाव दिए हैं।

जमात

नयी दिल्ली, 15 मई छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया कि अभी कुछ हफ्तों के लिए अंतरराज्यीय सीमाएं नहीं खोली जाएं और अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए आर्थिक गतिविधियां को सावधानीपूर्वक आरंभ करने की अनुमति दी जाए।

बघेल ने 17 मई को समाप्त होने वाले लॉकडाउन के उपरांत आगे की रणनीति के संबंध में प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर कई सुझाव दिए हैं।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मोदी ने 11 मई को सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंस में उनसे लॉकडाउन के बाद आगे की रणनीति पर सुझाव मांगे थे।

पत्र में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए व्यापारिक एवं वाणिज्यिक गतिविधियों को सावधानी बरतते हुए पुनः प्रारंभ किया जाना आवश्यक है। इसके लिए निषिद्ध क्षेत्रों को छोड़कर शेष सभी क्षेत्र में आवश्यक के साथ-साथ गैर आवश्यक वस्तुओं की बिक्री की अनुमति दी जानी चाहिए।’’

उन्होंने यह भी कहा कि राज्यों को उनके विभिन्न जिलों को रेड जोन, ऑरेंज जोन एवं ग्रीन जोन में वगीकृत करने का अधिकार होना चाहिए तथा इसके लिए पारदर्शी मापदंड केन्द्र सरकार निर्धारित करे।

बघेल ने कहा, ‘‘ अंतरराज्यीय सीमाओं को अभी खोलना उपयुक्त नहीं होगा। अंतरराज्यीय परिवहन केवल फंसे हुए श्रमिकों एवं अन्य श्रेणियों के व्यक्तियों के लिए होना चाहिए। गैर आवश्यक अंतरराज्यीय परिवहन पर 15 जून तक प्रतिबंध रखना फिलहाल आवश्यक है।’’

उन्होंने यह भी कहा कि श्रमिक ट्रेनें राज्यों के साथ विचार-विमर्श करके चलाई जाएं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

Share Now