बाबरी मस्जिद मामला : वीडियो कांफ्रेंसिंग से होगी आगे की सुनवाई
इस मामले में पूर्व उप-प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी, भाजपा नेता मुरली मनोहर जोशी, उमा भारती, विनय कटियार, विहिप नेता चंपत राय बंसल और अन्य लोगों के नाम हैं ।
लखनऊ, 16 मई सीबीआई की विशेष अदालत (अयोध्या प्रकरण) ने तय किया है कि अयोध्या में विवादित ढांचा ढहाये जाने के मामले में आगे की सुनवाई वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए जारी रहेगी ।
इस मामले में पूर्व उप-प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी, भाजपा नेता मुरली मनोहर जोशी, उमा भारती, विनय कटियार, विहिप नेता चंपत राय बंसल और अन्य लोगों के नाम हैं ।
उच्चतम न्यायालय ने आठ मई को विशेष अदालत को निर्देश दिया था कि वह मुकदमे की कार्यवाही 31 अगस्त तक पूरी कर ले ।
इससे पहले मुकदमे की कार्यवाही 20 अप्रैल को संपन्न होनी थी लेकिन लॉकडाउन के चलते अदालतें बंद होने के कारण ऐसा नहीं हो सका ।
अदालत ने सीबीआई की ओर से पेश अभियोजन पक्ष के सभी गवाहों के बयान दर्ज कर लिये हैं । अब आरोपियों को यह सूचित किया जाना है कि उनके खिलाफ क्या साक्ष्य पेश हुए ।
इस बीच बचाव पक्ष ने शुक्रवार को अर्जी लगायी कि वह अभियोजन पक्ष के तीन गवाहों से जिरह करना चाहता है ।
अर्जी पर विशेष न्यायाधीश एस के यादव ने बचाव पक्ष से कहा कि वह उन सवालों की सूची सौंपे, जो वह अभियोजन पक्ष के गवाहों से करना चाहता है ।
अदालत मामले की अगली सुनवाई 18 मई को करेगी ।
1992 में विवादित ढांचा ढहाये जाने के संबंध में अयोध्या पुलिस में दर्ज दो प्राथमिकी के परिप्रेक्ष्य में लखनऊ की अदालत में मुकदमा चल रहा है ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)