हैदराबाद, चार दिसंबर भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद अज़हरुद्दीन के लिए शुरुआत अच्छी नहीं रही क्योंकि उनके बीआरएस प्रतिद्वंद्वी ने उन्हें आसानी से स्टंप आउट कर दिया। वह पहली बार तेलंगाना में अपनी घरेलू पिच पर चुनाव मैदान में उतरे थे ।
हैदराबाद के जुबली हिल्स निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ने वाले अज़हरुद्दीन मौजूदा विधायक मगंती गोपीनाथ से 16,337 मतों से चुनाव हार गए।
गोपीनाथ को 80,549 मत मिले, जबकि अपने क्रिकेट करियर के सुनहरे दिनों में अपनी स्टाइलिश बल्लेबाजी और तेज फील्डिंग के लिए मशहूर अज़हरुद्दीन को 64,212 वोट मिले।
भारतीय जनता पार्टी के लंकाला दीपक रेड्डी को 25,866 वोट मिले ।
हैदराबाद के रहने वाले अज़हरुद्दीन ने 2009 में कांग्रेस के टिकट पर उत्तर प्रदेश की मुरादाबाद लोकसभा सीट से चुनाव जीतकर अपनी राजनीतिक पारी की धमाकेदार शुरुआत की थी।
हालाँकि, वह 2014 में राजस्थान के टोंक-सवाई माधोपुर से चुनाव हार गए। वह तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी (टीपीसीसी) के कार्यकारी अध्यक्ष हैं।
अज़हरुद्दीन को बीआरएस के मौजूदा विधायक गोपीनाथ से मुकाबला करने की कठिन चुनौती का सामना करना पड़ा, जबकि एआईएमआईएम ने एम.डी. राशेद फ़राज़ुद्दीन को मैदान में उतारा था, जिन्होंने 7,848 वोट हासिल किए।
जुबली हिल्स निर्वाचन क्षेत्र में एक लाख से अधिक मुस्लिम मतदाता हैं।
अज़हरुद्दीन ने पहले एआईएमआईएम पर वोटों का बंटवारा करने का आरोप लगाया था ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY