देश की खबरें | ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री दिल्ली में जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज नौ और दस सितंबर को दिल्ली में होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। ऑस्ट्रेलिया की सरकार ने शनिवार को यह जानकारी दी।

नयी दिल्ली, 12 अगस्त ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज नौ और दस सितंबर को दिल्ली में होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। ऑस्ट्रेलिया की सरकार ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अल्बनीज की भारत यात्रा उनके तीन देशों के दौरे का हिस्सा होगी। भारत के अलावा अल्बनीज इंडोनेशिया और फिलीपीन भी जाएंगे।

ऑस्ट्रेलिया की सरकार ने एक बयान में कहा, "नौ और 10 सितंबर को प्रधानमंत्री, नयी दिल्ली में जी-20 नेताओं के शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे।"

बयान में कहा गया कि जी-20 वैश्विक आर्थिक सहयोग के लिए दुनिया का प्रमुख मंच है और इसमें शामिल होने वाले नेता वैश्विक अर्थव्यवस्था को मजबूत, टिकाऊ और लचीले विकास की ओर वापस लाने पर ध्यान केंद्रित करेंगे।

अल्बनीज ने कहा, "यह पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण है कि ऑस्ट्रेलिया साझा चुनौतियों और अवसरों के समाधान के लिए जी-20 जैसे बहुपक्षीय आर्थिक मंचों सहित अंतरराष्ट्रीय भागीदारों के साथ मिलकर काम कर रहा है।"

उन्होंने कहा, "ऑस्ट्रेलिया ने विकास और समृद्धि, स्थिरता व संप्रभुता तथा स्थायी शांति के लिए हिंद-प्रशांत क्षेत्र में निवेश किया है और वह इसके लिए प्रतिबद्ध है।"

जी-20 दुनिया की प्रमुख विकसित और विकासशील अर्थव्यवस्थाओं का एक मंच है। इसके सदस्य वैश्विक सकल घरेलू उत्पाद का लगभग 85 फीसदी, वैश्विक व्यापार का 75 फीसदी से अधिक तथा वैश्विक जनसंख्या का लगभग दो-तिहाई हिस्से का प्रतिनिधित्व करते हैं।

जी-20 समूह में भारत, अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चीन, फ्रांस, जर्मनी, इंडोनेशिया, इटली, जापान, कोरिया गणराज्य, मेक्सिको, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, तुर्की, ब्रिटेन, अमेरिका और यूरोपीय संघ शामिल हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\