देश की खबरें | औरंगाबाद लोकसभा सीट हमारा गढ़ है, कांग्रेस इसपर दावा नहीं कर सकती: खैरे
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता चंद्रकांत खैरे ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस अगले लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र के औरंगाबाद निर्वाचन क्षेत्र के लिए दावा नहीं कर सकती, क्योंकि (अविभाजित) शिवसेना अतीत में कई बार इस सीट पर जीत हासिल कर चुकी है।
औरंगाबाद (महाराष्ट्र), पांच जून शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता चंद्रकांत खैरे ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस अगले लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र के औरंगाबाद निर्वाचन क्षेत्र के लिए दावा नहीं कर सकती, क्योंकि (अविभाजित) शिवसेना अतीत में कई बार इस सीट पर जीत हासिल कर चुकी है।
खैरे चार बार औरंगाबाद निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वर्ष 2019 में ऑल इंडिया मज्लिस-ए-इत्तेहाद-उल-मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के उम्मीदवार इम्तियाज जलील ने उन्हें हरा दिया था।
खैरे ने कहा कि यह सीट महा विकास आघाड़ी (एमवीए) के तीन घटक दलों में से एक शिवसेना (यूबीटी) के पास रहेगी।
एमवीए में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और कांग्रेस भी शामिल हैं। एमवीए ने अगला लोकसभा चुनाव एक साथ लड़ने का फैसला किया है और सीट बंटवारे पर बातचीत जल्द ही शुरू होने की संभावना है।
खैरे ने पत्रकारों से कहा, “कांग्रेस दावा नहीं कर सकती, क्योंकि (अविभाजित) शिवसेना ने कई बार इस सीट पर जीत हासिल की है।”
उन्होंने यह दावा भी किया कि (अविभाजित) शिवसेना ने पिछले विधानसभा चुनाव में औरंगाबाद निर्वाचन क्षेत्र की (छह में से) पांच सीट पर जीत हासिल की थी।
खैरे ने कहा, “इससे पता चलता है कि यहां हमारा पलड़ा भारी है और यह सीट शिवसेना (यूबीटी) के पास जाएगी।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)