देश की खबरें | आतिशी ने दीवार गिरने की घटना के बाद दिल्ली के सभी सरकारी स्कूलों के निरीक्षण के आदेश दिए
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारी बारिश के कारण यहां एक सरकारी स्कूल की चारदीवारी गिरने के बाद दिल्ली की मंत्री आतिशी ने शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, प्रधानाचार्यों और उप-प्रधानाचार्यों को रविवार को सभी सरकारी स्कूलों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया।
नयी दिल्ली, नौ जुलाई भारी बारिश के कारण यहां एक सरकारी स्कूल की चारदीवारी गिरने के बाद दिल्ली की मंत्री आतिशी ने शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, प्रधानाचार्यों और उप-प्रधानाचार्यों को रविवार को सभी सरकारी स्कूलों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया।
शिक्षा मंत्री के कार्यालय से जारी एक बयान के अनुसार, किसी भी तरह की कमी या गंभीर समस्या पाए जाने पर दुर्घटना से बचने के लिए स्कूल को घेर दिया जाना चाहिए।
बयान में कहा गया, ‘‘सभी क्षेत्रीय निदेशकों, उप शिक्षा निदेशक-जोन और जिला, प्रधानाचार्यों और उप-प्रधानाचार्यों को निर्देश दिया गया है कि वे रविवार को ही अपने अधिकार क्षेत्र के तहत सभी सरकारी स्कूलों के भवनों का निरीक्षण करें तथा यह सुनिश्चित करें कि स्कूल खुलने पर वहां कहीं ऐसी कोई कमी तो नहीं है, जिससे स्कूली बच्चों की सुरक्षा में दिक्कत हो।’’
उन्हें रविवार तक ही रिपोर्ट देने को कहा गया है। मंत्री ने कहा है, ‘‘यदि कोई गंभीर समस्या पाई जाती है, तो किसी भी दुर्घटना से बचने के लिए स्कूल को घेर दिया जाना चाहिए। शिक्षा सचिव/निदेशक को इसका अनुपालन सुनिश्चित करना होगा और आज रात तक एक अनुपालन रिपोर्ट मुझे सौंपी जाएगी।’’
राष्ट्रीय राजधानी में भारी बारिश के कारण रविवार को श्रीनिवासपुरी में दिल्ली के एक सरकारी स्कूल की चारदीवारी का एक हिस्सा ढह गया। सूत्रों के मुताबिक, चार माह पहले स्कूल भवन का पुनर्निर्माण कराया गया था।
आतिशी ने कहा कि स्कूल की दीवार 35 साल पुरानी थी। उन्होंने दिल्ली में 150 मिमी बारिश को ‘‘असामान्य जलवायु परिघटना’’ करार दिया।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि लगातार बारिश के मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी के सभी स्कूल सोमवार को बंद रहेंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)