Mozambique Boat Accident: मोजाम्बिक में नौका पलटने से कम से कम 98 लोगों की मौत- मीडिया रिपोर्ट
मोजाम्बिक के उत्तरी तट पर रविवार को एक नाव हादसे का शिकार हो गई. नाव पलटने की वजह से उसमें सवार बच्चों समेत 90 से अधिक लोगों की मौत हो गई.
Mozambique Boat Accident:मोजाम्बिक के उत्तरी तट पर रविवार को एक नाव हादसे का शिकार हो गई. नाव पलटने की वजह से उसमें सवार बच्चों समेत 90 से अधिक लोगों की मौत हो गई. स्थानीय मीडिया की ओर से इस बारे में जानकारी दी गई है. बताया जा रहा है कि नौका में क्षमता से अधिक लोग सवार थे. सरकारी ‘रेडियो मोजाम्बिक’ ने द्वीप के प्रशासक सिल्वेरियो नौआइतो के हवाले से बताया कि नौका रविवार को दक्षिण-पूर्वी अफ्रीकी देश के तट से निकटवर्ती मोजाम्बिक द्वीप के लिए रवाना होने के बाद डूब गई.
उसने बताया कि नौका में लगभग 130 लोग सवार थे और कम से कम 11 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. ‘नोतिसियास’ समाचार पत्र ने नौआइतो के हवाले से बताया कि अधिकतर शवों को रविवार को बरामद कर लिया गया था, लेकिन सोमवार को सात और शव मिले, जिससे मरने वालों की संख्या 91 से बढ़कर 98 हो गई. नौआइतो ने रेडियो स्टेशन को बताया कि बचाव अभियान जारी है. उन्होंने कहा कि यह बताना मुश्किल है कि कितने लोग लापता हैं. ‘रेडियो मोजाम्बिक’ ने बताया कि नामपुला प्रांतीय प्राधिकरण ने एक बयान जारी कर नौका के डूबने का कारण ‘‘यात्रियों को लाने-ले जाने के लिए अनुपयुक्त नौका का इस्तेमाल करना और नौका में क्षमता से अधिक लोगों का सवार होना’’ बताया. यह भी पढ़ें : Terrorist Attack: आतंकवादियों ने शोपियां में गैर-जम्मू-कश्मीरी ड्राइवर पर हमला किया
देश के प्रमुख और सबसे पुराने अखबारों में से एक ‘नोतिसियास’ ने बताया कि इस नौका का इस्तेमाल आम तौर पर मछलियां पकड़ने के लिए किया जाता था और लुंगा शहर के लोग हैजा से बचने के लिए वहां से भागकर मोजाम्बिक द्वीप जाने की कोशिश कर रहे थे. स्थानीय लोगों का मानना है कि लुंगा में हैजा के मामलों में अचानक बढ़ोतरी हुई है. समाचार पत्र ने बताया कि वे मोजाम्बिक द्वीप पहुंचना चाहते थे और वे ‘‘नौवहन के लिए अनुपयुक्त’’ नाव में चढ़ गए लेकिन द्वीप पर पहुंचने से पहले ही नाव पलट गई. मोजाम्बिक और उसके पड़ोसी दक्षिण अफ्रीकी देशों जिम्बाब्वे और मलावी हाल के महीनों में हैजा के प्रकोप से प्रभावित हुए हैं. मोजाम्बिक के कई स्थानों तक केवल नौकाओं के जरिए ही पहुंचा जा सकता है और इन नौकाओं में अक्सर क्षमता से अधिक लोग सवार रहते हैं. देश में सड़क नेटवर्क खराब है और कुछ क्षेत्रों तक जमीन या हवाई मार्ग से पहुंचा नहीं जा सकता.