देश की खबरें | सरपंच हत्या मामले में मंत्री पद से इस्तीफे का सवाल मुंडे से ही पूछें: अजित पवार ने मीडिया से कहा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने विवादों का सामना कर रहे राकांपा नेता एवं राज्य सरकार में मंत्री धनंजय मुंडे के इस्तीफे से संबंधित सवालों को टाल दिया और संवाददाताओं से कहा कि वे ऐसे सवाल सीधे मुंडे से ही पूछें।

नासिक, 17 फरवरी महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने विवादों का सामना कर रहे राकांपा नेता एवं राज्य सरकार में मंत्री धनंजय मुंडे के इस्तीफे से संबंधित सवालों को टाल दिया और संवाददाताओं से कहा कि वे ऐसे सवाल सीधे मुंडे से ही पूछें।

मुंडे विपक्ष और सत्तारूढ़ गठबंधन के नेताओं की आलोचना का सामना कर रहे हैं, क्योंकि उनके करीबी सहयोगी वाल्मीक कराड को नौ दिसंबर को बीड के सरपंच संतोष देशमुख की नृशंस हत्या से जुड़े रंगदारी मामले में गिरफ्तार किया गया था।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख पवार ने रविवार को यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘मुंडे का दावा है कि उनका इस मामले से कोई संबंध नहीं है। हालांकि, मेरे खिलाफ आरोप लगने पर मैंने 2010 में राज्य जल संसाधन मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था। पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने एक रेल दुर्घटना के बाद इस्तीफा दे दिया था। हालांकि, कई लोगों ने ऐसी ही परिस्थितियों में पद छोड़ने से इनकार कर दिया है।’’

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘आपको मुंडे से पूछना चाहिए कि क्या वह नैतिक जिम्मेदारी का हवाला देते हुए इस्तीफा देंगे।’’

पवार ने कहा कि सरपंच देशमुख की हत्या अत्यंत निंदनीय है और जांच में शामिल विभिन्न एजेंसियां ​सच्चाई सामने लाएंगी तथा किसी को भी नहीं बख्शा जाएगा।

उपमुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उन्हें मुंडे और भाजपा विधायक सुरेश धास के बीच हाल में हुई बैठक के बारे में जानकारी नहीं है। धास बीड हत्याकांड पर मंत्री पद से मुंडे का इस्तीफा मांगते रहे हैं और उन्होंने भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\