देश की खबरें | बंगाल उपचुनाव में दोपहर एक बजे तक करीब 35 फीसदी मतदान, आसनसोल में हिंसा की मामूली घटनाएं
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हिंसा की मामूली घटनाओं को छोड़कर पश्चिम बंगाल में आसनसोल लोकसभा सीट पर और बालीगंज विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मंगलवार को मतदान शांतिपूर्ण रहा और दोपहर एक बजे तक करीब 35 फीसदी मतदान हुआ।
कोलकाता, 12 अप्रैल हिंसा की मामूली घटनाओं को छोड़कर पश्चिम बंगाल में आसनसोल लोकसभा सीट पर और बालीगंज विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मंगलवार को मतदान शांतिपूर्ण रहा और दोपहर एक बजे तक करीब 35 फीसदी मतदान हुआ।
एक अधिकारी ने बताया कि आसनसोल लोकसभा सीट पर अबतक 43.66 फीसदी वोट पड़े हैं जबकि बालीगंज सीट पर दोपहर एक बजे तक 26.10 प्रतिशत मतदान हुआ।
आसनसोल लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल की गाड़ी पर मंगलवार सुबह कथित तौर पर पथराव किया गया, जिससे कुछ इलाके में तनाव उत्पन्न हो गया।
पथराव तब किया गया जब उम्मीदवार के निजी सुरक्षा कर्मियों ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया जो पॉल की गाड़ी का घेराव कर रहे थे। उनका आरोप है कि पॉल अपने सुरक्षा कर्मियों के साथ मतदान बूथ में घुसने की कोशिश कर रही थी। टीवी पर प्रसारित दृश्यों से भी प्रतीत हो रहा है कि वह अपने सुरक्षा कर्मियों को साथ बूथ में घुसने की कोशिश रही हैं।
पॉल ने आरोप लगाया, ‘‘ बाराबनी में मेरे ‘पोलिंग एजेंट’ को एक मतदान केंद्र में दाखिल नहीं होने दिया गया। मेरी गाड़ी पर हमला किया गया और पुलिस मूकदर्शक बनी रही। क्या टीएमसी को लगता है कि वे मुझे मारने की साजिश रचकर शत्रुघन सिन्हा की जीत सुनिश्चित कर सकते हैं? भाजपा फिर आसनसोल में जीतेगी।”
उनके सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें वहां से निकालने की कोशिश की, तो टीएमसी कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की, जिसके बाद सुरक्षा बलों और कार्यकर्ताओं के बीच कथित रूप से हाथापाई हो गई।
वहीं, तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया कि पॉल और उनके सुरक्षाकर्मियों ने इलाके में अशांति फैलाने की कोशिश की।
टीएमसी नेता वी शिवदासन नेता ने कहा, ‘‘ एक उम्मीदवार 20 गाड़ियों के काफिले के साथ कैसे निकल सकता है? वह और उनके सुरक्षा कर्मी इलाके में तनाव पैदा करने की कोशिश कर रहे थे।’’
टीएमसी ने आसनसोल से जाने माने अभिनेता एवं राजनीतिक नेता शत्रुघन सिन्हा को मैदान में उतारा है। आसनसोल में हिंदी भाषी लोगों की तादाद अच्छी खासी है। वहीं भाजपा ने पॉल को टिकट दिया है जो आसनसोल दक्षिण से विधायक हैं।
सिन्हा ने कहा, “मैं किसी का नाम नहीं लेना चाहता, पर लगता है कि हार से आशंकित किसी ने अपना आपा खो दिया है।”
निर्वाचन आयोग ने कहा कि उसे मामले से संबंधित शिकायत मिली है। एक अधिकारी ने कहा, ‘‘ हम इस पर गौर करेंगे।’’
पांडवेश्वर में, भाजपा ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ टीएमसी ने उसके बूथ एजेंट को बूथ के अंदर नहीं जाने दिया, सत्तारूढ़ दल ने आरोप को निराधार बताया।
आसनसोल से सांसद बाबुल सुप्रियो ने भाजपा को छोड़ टीएमसी में जाने के बाद पद से इस्तीफा दे दिया था जिस वजह से इस सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है। वहीं बालीगंज से विधायक एवं मंत्री सुब्रत मुखर्जी का पिछले साल निधन हो गया था जिस वजह से यह सीट रिक्त हो गई थी।
बालीगंज में तृणमूल ने सुप्रियो, भाजपा ने केया घोष और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने सायरा शाह हलीम को मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने भी दोनों सीट पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं।
प्रसिद्ध गायक सुप्रियो ने कई बूथ का दौरा किया और गीत गाए। टीएमसी ने आरोप लगाया कि सुप्रियो को केंद्रीय बलों ने इलाके के एक बूथ में प्रवेश करने से रोक दिया।
हालांकि, घोष ने आरोप लगाया कि टीएमसी वास्तविक मतदाताओं को वोट डालने से रोकने की कोशिश कर रही है। इस आरोप का सत्ताधारी दल ने खंडन किया है।
मंगलवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उपचुनाव के लिए मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)