खेल की खबरें | अनाहत विश्व जूनियर स्क्वाश चैंपियनशिप में भारतीय चुनौती की अगुवाई करेंगी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. युवा स्क्वाश खिलाड़ी अनाहत सिंह यहां ब्लैक बॉल स्पोर्टिंग क्लब में सोमवार से शुरू हो रही विश्व जूनियर स्क्वाश चैंपियनशिप में 12 सदस्यीय भारतीय दल का नेतृत्व करेंगी।

काहिरा, 20 जुलाई युवा स्क्वाश खिलाड़ी अनाहत सिंह यहां ब्लैक बॉल स्पोर्टिंग क्लब में सोमवार से शुरू हो रही विश्व जूनियर स्क्वाश चैंपियनशिप में 12 सदस्यीय भारतीय दल का नेतृत्व करेंगी।

इस चैंपियनशिप में दुनिया के शीर्ष 234 अंडर-19 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इसका आयोजन 21 से 26 जुलाई तक होगा।

भारत के दल में एकल स्पर्धा में प्रतिस्पर्धा करने वाले छह पुरुष और छह महिलाएं शामिल हैं।

मिस्र की तीन बार की गत चैंपियन अमीना ओर्फी के बाद महिला ड्रॉ में दूसरी वरीयता प्राप्त अनाहत शानदार फॉर्म में हैं। सीनियर विश्व रैंकिंग में 54वें स्थान पर काबिज 17 साल की इस खिलाड़ी ने हाल ही में अंडर-19 वर्ग में एशियाई लड़कियों का खिताब जीता था। उन्होंने इस साल की शुरुआत में एशियाई सीनियर डबल्स में भी स्वर्ण पदक हासिल किया था।

महिला वर्ग में उनके साथ गत महीने दक्षिण कोरिया में एशियाई जूनियर चैंपियनशिप में अंडर-17 (युगल) में कांस्य पदक जीतने वाली अनामिका दुबे भी शामिल है।

पुरुष वर्ग में अरिहंत केएस और युशा नफीस को वरीयता दी गई है जबकि मौजूदा अंडर-17 एशियाई चैंपियन आर्यवीर दीवान भी टीम का हिस्सा हैं।

किसी भी भारतीय ने अब तक व्यक्तिगत जूनियर विश्व खिताब नहीं जीता है। जोशना चिनप्पा 2005 में उपविजेता रहकर सबसे करीब पहुंची थीं।

स्क्वाश लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक में पदार्पण करने के लिए तैयार है जिससे दुनिया भर के उभरते सितारों के लिए यह शानदार मंच है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें