देश की खबरें | अमित शाह ने लोगों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में जुड़ने की अपील की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को लोगों से 13 से 15 अगस्त के बीच अपने घरों पर तिरंगा फहराकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में शामिल होने की अपील की।
नयी दिल्ली, 22 जुलाई केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को लोगों से 13 से 15 अगस्त के बीच अपने घरों पर तिरंगा फहराकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में शामिल होने की अपील की।
सरकार ने भारत की आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान (प्रत्येक घर पर तिरंगा लगाने) की शुरुआत की है।
शाह ने सिलसिलेवार ट्वीट कर बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के मद्देनजर इस अभियान की शुरुआत की है।
उन्होंने कहा, ‘‘इस अभियान के तहत देशभर में लगभग 20 करोड़ घरों पर तिरंगे फहराए जाएंगे, जो हर नागरिक विशेषकर युवाओं के मन में देशभक्ति की अखंड ज्योति को और अधिक प्रखर करने का काम करेगा।’’
गृह मंत्री ने कहा, ‘‘मैं सभी से अपील करता हूं कि 13 से 15 अगस्त के बीच अपने घरों पर तिरंगा फहराकर इस अभियान से जुड़ें।’’
शाह ने कहा कि इससे हम अपनी युवा पीढ़ी में तिरंगे के प्रति सम्मान और जुड़ाव को और बढ़ा पाएंगे। साथ ही उन्हें आजादी के लिए संघर्ष करने वाले वीरों के त्याग से अवगत करा पाएंगे।
उन्होंने कहा कि हमारा राष्ट्रीय ध्वज न सिर्फ हर देशवासी को एकता के सूत्र में बांधता है, बल्कि हमारे अंदर राष्ट्र के प्रति समर्पण के भाव को और प्रबल भी करता है।
गृह मंत्री ने कहा कि 22 जुलाई 1947 के दिन तिरंगे के वर्तमान स्वरूप को राष्ट्रीय ध्वज के रूप में अपनाने की घोषणा की गई थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)