देश की खबरें | चीन में श्वास संबंधी बीमारी में वृद्धि के बीच बोले भारद्वाज- मल्टीप्लेक्स पीसीआर जांच शुरू की जाएगी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तरी चीन में बच्चों में श्वास संबंधी बीमारी के मामले बढ़ने के बीच दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने बृहस्पतिवार को कहा कि किसी भी नए रोगाणु का पता लगाने के लिए दो सरकारी अस्पतालों में मल्टीप्लेक्स पीसीआर जांच शुरू की जाएगी तथा लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।

नयी दिल्ली, 30 नवंबर उत्तरी चीन में बच्चों में श्वास संबंधी बीमारी के मामले बढ़ने के बीच दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने बृहस्पतिवार को कहा कि किसी भी नए रोगाणु का पता लगाने के लिए दो सरकारी अस्पतालों में मल्टीप्लेक्स पीसीआर जांच शुरू की जाएगी तथा लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।

भारद्वाज ने अस्पतालों की तैयारियों की समीक्षा के लिए दिन में एक बैठक की और ऐसे मामलों में बच्चों को दी जाने वाली एंटी-वायरल दवा को खरीदने का भी निर्देश दिया।

पीटीआई वीडियो से बात करते हुए उन्होंने कहा, "केंद्र की सलाह के बाद, हमने दिल्ली सरकार के विशेषज्ञों के साथ बैठक की, जिनमें श्वास-रोग विशेषज्ञ (पल्मोनोलॉजिस्ट) और बाल रोग विशेषज्ञ शामिल हैं और वे स्थिति पर नज़र रखे हुए हैं। अब तक किसी नए रोगाणु का पता नहीं चला है। लेकिन एहतियाती उपाय के रूप में बाल चिकित्सा विभागों को किसी भी नए रोगाणु का पता लगाने के लिए लक्षणों के साथ भर्ती किए गए बच्चों पर ‘ब्रॉड स्पेक्ट्रम’ परीक्षण करने का निर्देश दिया गया है।"

बाद में सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि किसी भी नए रोगाणु का पता लगाने के लिए राजीव गांधी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल और चाचा नेहरू बाल चिकित्सालय में मल्टीप्लेक्स पीसीआर परीक्षण शुरू किए जाएंगे।

मंत्री के मुताबिक, विशेषज्ञों ने कहा है कि बीमारी से अभी तक मृत्यु होने का कोई संकेत नहीं मिला है।

उन्होंने कहा, “ हमने विभाग को बच्चों को दी जाने वाली एंटी-वायरल दवाएं खरीदने का निर्देश दिया है ताकि आपात स्थिति में हमारे पास वे दवाएं हों। हमने अस्पतालों को सतर्क रहने और कोविड प्रोटोकॉल के तहत सभी तैयारियां करने को कहा है। मुझे डॉक्टरों से पता चला है कि जनवरी में खांसी, इन्फ्लूएंजा संक्रमण में वृद्धि देखी जाती है। कृपया यह न सोचें कि इसका चीन से कोई लेना-देना है। कृपया घबराएं नहीं।”

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने उत्तरी चीन में बच्चों में सांस की बीमारी में वृद्धि का संकेत देने वाली हालिया रिपोर्ट के मद्देनजर राज्यों को तुरंत सार्वजनिक स्वास्थ्य तैयारियों की समीक्षा करने की सलाह दी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now