देश की खबरें | नौका हादसे के बाद माकपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप

नयी दिल्ली, 11 जुलाई केरल के मुथालापोझी के निकट हुए नौका हादसे के एक दिन बाद मंगलवार को सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने एक दूसरे पर दुर्घटना वाले इलाके में तनाव पैदा करने का आरोप लगाया।

तिरुवनंतपुरम के निकट मुथालापोझी जलक्षेत्र में एक नाव पलट जाने से दो मछुआरों की जान चली गई और दो अन्य लापता हो गए।

पुलिस का कहना है कि दो लापता लोगों का पता लगाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

तलाशी अभियान के बीच उस वक्त राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया जब कुछ लोगों ने केरल के मंत्रियों वी शिवनकुट्टी, जी आर अनिल और एंटनी राज के खिलाफ प्रदर्शन किया। इन मंत्रियों ने सोमवार को दुर्घटना वाले तटीय इलाके का दौरा किया था।

राजू ने कहा कि उन्होंने और अन्य मंत्रियों ने दखल नहीं दिया होता तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं के कृत्य से इलाके में स्थानीय लोगों के साथ संघर्ष की स्थिति पैदा हो जाती।

उन्होंने संवाददाताओं से बातचीत में आरोप लगाया, ‘‘यह कांग्रेस नेतृत्व के तहत एक राजनीतिक कदम था ताकि इलाके में तनाव और टकराव पैदा किया जा सके।’’

कांग्रेस नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष वी डी सतीशन ने पलटवार करते हुए कहा कि राज्य सरकार के मंत्रियों ने मछुआरों और उनके परिवारों को ढांढस बंधाने की जगह उकसाने वाले शब्दों का इस्तेमाल किया।

सतीशन ने लैटिन कैथोलिक गिरिजाघर के पादरी फादर यूजीन परेरा के खिलाफ धारा 153 (दंगा भड़काने की नीयत से उकसाना) के तहत मामला दर्ज किए जाने की निंदा की।

उन्होंने कहा कि वामपंथी सरकार धमकाने के लिए व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर रही।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)