देश की खबरें | अकाली नेता सतवंत कौर संधू नहीं रहीं

चंडीगढ़, छह फरवरी अकाली दल की वयोवृद्ध नेता सतवंत कौर संधू का शनिवार को मोहाली के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह कुछ समय से बीमार थीं।

वह 80 साल की थीं और दो बार मंत्री एवं पांच बार चमकौर साहिब से विधायक रही थीं।

पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने संधू के निधन पर शोक प्रकट किया है।

मुख्यमंत्री ने यहां जारी एक बयान में कहा कि उन्होंने क्षेत्र के विकास और अपने लोगों खासकर समाज के वंचित तबकों के कल्याण के लिए अनथक कार्य किया।

प्रकाश सिंह बादल ने उन्हें समर्पित सामाजिक कार्यकर्ता बताया जिन्होंने अपने निर्वाचन क्षेत्र चमकौर साहिब की नि:स्वार्थ सेवा की।

सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि संधू निष्ठावान कार्यकर्ता थीं, जिन्होंने सार्वजनिक जीवन में पंथ के सिद्धांतों का निर्वहन किया।

उन्होंने कहा कि शिअद ने एक जननेता को खो दिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)