देश की खबरें | भारत के ‘विरूपित’ नक्शा दिखाने वाले हवाईअड्डा पास वापस लिए गए

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस) ने देश भर में हवाईअड्डों पर कर्मचारियों और आगंतुकों के लिये जारी सभी पास को वापस ले लिया है।

नयी दिल्ली, छह जनवरी नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस) ने देश भर में हवाईअड्डों पर कर्मचारियों और आगंतुकों के लिये जारी सभी पास को वापस ले लिया है।

अधिकारियों के मुताबिक, यह पाया गया था कि उन पर भारत का “विरूपित” नक्शा छपा था जिसके बाद यह कदम उठाया गया।

भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) द्वारा संचालित सभी हवाईअड्डों और अडाणी समूह द्वारा संचालित छह हवाईअड्डों- अहमदाबाद, जयपुर, लखनऊ, तिरुवनंतपुरम, गुवाहाटी और मेंगलुरु- में जारी किए गए पास में जम्मू-कश्मीर, पूर्वोत्तर क्षेत्र, राजस्थान और गुजरात के नक्शे को चित्रों को गलत तरीके से दर्शाया गया था।

इस मामले की जानकारी रखने वाले एक अधिकारी ने कहा कि यह पता चलने के बाद कि तस्वीरें 'विरूपित' हैं, बीसीएएस ने पास वापस ले लिए हैं।

बीसीएएस ने एएआई के अध्यक्ष को एक संचार में कहा कि इस्तेमाल किया जा रहा ‘एम्बेडेड होलोग्राम रोल’ बीसीएएस द्वारा अनुमोदित नमूना होलोग्राम के अनुरूप नहीं है।

पत्र में कहा गया, “मुद्दे की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए, यह निर्देश दिया जाता है कि होलोग्राम के साथ जारी किए गए सभी एयरोड्रोम एंट्री परमिट (एईपी) वापस ले लिए जाएं और इन होलोग्राम रोल के साथ आगे की छपाई तत्काल प्रभाव से रोक दी जाए।”

बीसीएएस ने यह भी बताया कि एएआई मामले की जांच करेगा, यह पता लगाएगा कि चूक किस स्तर पर हुई, इन होलोग्राम रोल को खरीदने के लिए कौन जिम्मेदार है और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।

इसमें कहा गया है कि एएआई को निर्देश दिया गया है कि वह जल्द से जल्द बीसीएएस को इस मुद्दे पर की गई कार्रवाई की रिपोर्ट सौंपे।

बिना वैध टिकट के किसी व्यक्ति को हवाई अड्डे में प्रवेश के लिये एयरपोर्ट द्वारा जारी एईपी की आवश्यकता होती है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now