देश की खबरें | अहमदाबाद विमान हादसा: मनोचिकित्सकों ने बताया मृतकों के परिजन का हाल, स्वीकार नहीं कर पा रहे थे सच
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. अहमदाबाद में हुए विमान हादसे के बाद मृतकों के परिजनों की मदद के लिए तैनात किए गए मनोचिकित्सकों ने बताया कि कई लोग अपने परिवार के सदस्य की मौत की बात को स्वीकार ही नहीं कर पा रहे थे।
अहमदाबाद, 26 जून अहमदाबाद में हुए विमान हादसे के बाद मृतकों के परिजनों की मदद के लिए तैनात किए गए मनोचिकित्सकों ने बताया कि कई लोग अपने परिवार के सदस्य की मौत की बात को स्वीकार ही नहीं कर पा रहे थे।
मनोचिकित्सकों ने बताया कि उन्हें इन लोगों की मदद के लिए किन परिस्थितियों में काम करना पड़ा।
उन्होंने कहा कि पत्नी की मौत से भावनात्मक रूप से टूट चुका एक व्यक्ति रो तक नहीं पा रहा था, क्योंकि उसने मौत को स्वीकार करने से इनकार कर दिया था। वहीं एक पिता अपने बेटे की पहचान के लिए डीएनए जांच कराने के लिए तैयार नहीं हुआ। चालक दल के एक सदस्य का परिवार डीएनए पुष्टि के लिए सात दिन तक इंतजार करने के कारण भावनात्मक रूप से टूट गया।
मनोचिकित्सकों ने कहा कि यह सिलसिला 12 जून से जारी रहा, जब लंदन जाने वाला एअर इंडिया का विमान उड़ान भरने के कुछ सेकंड बाद भीड़भाड़ वाले बी जे मेडिकल कॉलेज परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। दुर्घटना में विमान में सवार 241 लोग और मेडिकल कॉलेज के आसपास मौजूद 29 लोगों की मौत हो गई थी। केवल एक यात्री जिंदा बचा था।
विमान हादसे ने शहर के लोगों को झकझोर कर रख दिया। कई लोगों के लिए, यह एक ऐसा अनुभव था जो उनकी कल्पना से कहीं अधिक कष्टदायक था।
अफरातफरी के बीच, यहां बी जे मेडिकल कॉलेज के मनोचिकित्सा विभाग ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी थी।
पांच सीनियर रेजिटेंड और पांच परामर्शदाताओं की मनोचिकित्सक टीम को अस्पताल के कसौटी भवन, पोस्टमॉर्टम बिल्डिंग और सिविल अधीक्षक कार्यालय में चौबीस घंटे तैनात किया गया।
उनका काम त्रासदी के बाद मानसिक आघात का सामना कर रहे परिवारों को सहारा देना है।
बीजेएमसी की डीन और मनोचिकित्सा प्रमुख डॉ. मीनाक्षी पारीख ने कहा, “दुर्घटना अकल्पनीय थी। यहां तक कि आसपास खड़े लोग भी परेशान थे। फिर किसी ऐसे व्यक्ति की क्या हालत होगी जिसने अपने प्रियजन को खो दिया हो?”
उन्होंने ‘पीटीआई-’ से कहा, “अगर खबर सुनने वाले लोग इतने परेशान थे, तो हम उन लोगों के परिवार के सदस्यों की मनःस्थिति की कल्पना भी नहीं कर सकते जिन्होंने अपनी जान गंवाई है।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)