देश की खबरें | द्विपक्षीय अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए अमेरिका, फ्रांस के साथ समझौता: पुरी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. नागर विमानन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत ने अमेरिका और फ्रांस के साथ द्विपक्षीय अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए समझौता किया और जल्दी ही जर्मनी और ब्रिटेन के साथ भी उड़ानें शुरू होंगी।

नयी दिल्ली, 16 जुलाई नागर विमानन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत ने अमेरिका और फ्रांस के साथ द्विपक्षीय अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए समझौता किया और जल्दी ही जर्मनी और ब्रिटेन के साथ भी उड़ानें शुरू होंगी।

मंत्री ने बताया कि इस समझौते के तहत फिलहाल 18 जुलाई से एक अगस्त के बीच एयर फ्रांस पेरिस से दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु के लिए 28 उड़ानें संचालित करेगी। वहीं अमेरिकी विमानन सेवा यूनाइटेड एयरलाइंस 17 से 31 जुलाई तक भारत और अमेरिका के बीच 18 उड़ानें संचालित करेगी।

यह भी पढ़े | मुंबई: मलाड इलाके में गिरी चाल, बचाव अभियान जारी : 16 जुलाई 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

पुरी ने कहा, ‘‘ वह (यूनाइटेड एयरलाइंस) दिल्ली और नेवार्क के बीच रोज जबकि दिल्ली और सैन फ्रांसिस्को के बीच सप्ताह में तीन दिन उड़ानें संचालित करेगी।’’

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि भारत ब्रिटेन के साथ भी ऐसा ही समझौता करना चाहता है जिसके बाद दिल्ली-लंदन के बीच रोज दो उड़ानें संचालित होंगी।

यह भी पढ़े | पंजाब सरकार ने निजी अस्पतालों के लिए COVID-19 के इलाज की दरें की निर्धारित.

पुरी ने कहा, ‘‘हमने जर्मनी से भी अनुरोध किया है। मुझे लगता है कि लुफ्तांसा के साथ समझौता लगभग होने वाला है... हम उसके अनुरोध को अनुमति देने की प्रक्रिया में हैं।’’

मंत्री ने कहा, ‘‘हमारे पास अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की बहुत मांग आ रही है, लेकिन हमें सावधान रहना होगा। हमें उतनी ही उड़ानों को अनुमति देनी होगी, जिनका हम आसानी से प्रबंधन कर सकते हैं।’’

समझौते के तहत भारत से एअर इंडिया के विमान फ्रांस और अमेरिका के लिए उड़ान भरेंगे।

यह दो देशों के बीच ऐसी द्विपक्षीय व्यवस्था है जिसके तहत दोनों देशों की विमानन कंपनियां अंतरराष्ट्रीय उड़ानें संचालित कर सकती हैं।

कोरोना वायरस महामारी के कारण भारत में सभी अंतरराष्ट्रीय उड़ानें 23 मार्च को स्थगित हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\