देश की खबरें | इंजीनियर के पास से नकदी बरामद होने के बाद भाजपा और कांग्रेस में जुबानी जंग छिड़ी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कर्नाटक में विधान सौध में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के एक इंजीनियर से बृहस्पतिवार की शाम 10.5 लाख रुपये की बिनाहिसाब वाली नकदी बरामद होने को लेकर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और विपक्षी दल कांग्रेस के बीच जुबानी जंग छिड़ गई।

बेंगलुरु, छह जनवरी कर्नाटक में विधान सौध में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के एक इंजीनियर से बृहस्पतिवार की शाम 10.5 लाख रुपये की बिनाहिसाब वाली नकदी बरामद होने को लेकर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और विपक्षी दल कांग्रेस के बीच जुबानी जंग छिड़ गई।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि विधान सौध एक ‘शॉपिंग मॉल’ बन गया है और भाजपा का मतलब ‘ब्रोकर जनता पार्टी’ है।

मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने विपक्ष को याद दिलाया कि कैसे चार साल पहले चामराजनगर से कांग्रेस विधायक सी पुतरंगशेट्टी के स्टॉफ के पास से 25 लाख रुपये की नकदी कथित रूप से जब्त की गई थी।

विधान सौध में सुरक्षाकर्मियों ने बृहस्पतिवार को पीडब्ल्यूडी के इंजीनियर जगदीश के पास से नकदी जब्त की थी। जब वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाये तो सुरक्षाकर्मियों ने कब्बन पार्क पुलिस को नकदी सौंप दी थी।

पुलिसकर्मियों ने इंजीनियर को नकदी के बारे में ब्योरा देने का मौका दिया, लेकिन ऐसा नहीं करने पर उन्हें बृहस्पतिवार रात गिरफ्तार कर लिया गया।

नकदी की बरामदगी को लेकर विपक्ष और सत्तारूढ़ दल के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया।

पूर्व मुख्यमंत्री एवं विपक्ष के नेता सिद्धरमैया ने आरोप लगाया कि इंजीनियर मुख्यमंत्री या पीडब्ल्यूडी मंत्री सी. सी. पाटिल को यह धनराशि देने आया होगा।

सिद्धरमैया ने कहा, ‘‘विधान सौध में रिश्वतखोरी चल रही है। यह सब मुख्यमंत्री की नाक के नीचे हो रहा है। वह किसे यह धनराशि करने आया था? हो सकता है कि वह मुख्यमंत्री या पीडब्ल्यूडी मंत्री को देने आए हों।’’

कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष डी. के. शिवकुमार ने कहा कि इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि बिना रिश्वत दिए विधान सौध में कुछ भी काम नहीं होता है।

शिवकुमार ने कहा, ‘‘कोई भी बिल 40 प्रतिशत या 50 प्रतिशत रिश्वत दिए बगैर मंजूर नहीं हो रहा है। जब हम उन पर 40 प्रतिशत कमीशन वसूलने का आरोप लगाते हैं तो वे (सत्तारूढ़ भाजपा) सबूत मांगते हैं। क्या यह घटना इसका प्रमाण नहीं है।’’

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बेटे एवं पार्टी विधायक प्रियांक खरगे ने संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि भाजपा का मतलब अब बदल गया है।

प्रियांग खरगे ने आरोप लगाया, ‘‘यह अब ‘भारतीय जनता पार्टी’ नहीं है। भाजपा आज ‘ब्रोकर जनता पार्टी’ बन गई है। विधान सौध दुनिया का सबसे बड़ा ‘शॉपिंग मॉल’ बन गया है।’’

बोम्मई ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस विधायक पुतरंगशेट्टी के स्टॉफ को भी नकदी के साथ पकड़ा गया था।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया, ‘‘मैं सिद्धरमैया से पुतरंगशेट्टी के कार्यालय से मिले 25 लाख रुपये के बारे में पूछना चाहता हूं। आपने क्या कार्रवाई की। क्या उस व्यक्ति को गिरफ्तार किया जो इस धनराशि को लाया। आप वही हैं, जिसने लोकायुक्त कार्यालय को बंद कराया था।’’

उन्होंने कहा कि जांच का आदेश दे दिया गया है और सच्चाई जल्द ही सामने आयेगी।

कर्नाटक के गृह मंत्री अरागा ज्ञानेंद्र ने कहा कि यह पता लगाने के लिए जांच की जा रही है कि यह नकदी किसकी है, वह इसे कहां ले जा रहा था या उसके पास इतनी बड़ी धनराशि क्यों थी।

ज्ञानेंद्र ने कहा, ‘‘जांच जारी है। इस समय मैं और कुछ नहीं कहूंगा।’’

पीडब्ल्यूडी मंत्री सी. सी. पाटिल ने कहा कि कांग्रेस का आरोप है कि पैसा उन्हें देने के लिए था जो बिल्कुल भी सच नहीं है।

पाटिल ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘अगर उन्हें (इंजीनियर को नकदी) मुझे देनी थी तो विधान सौध में आने की क्या जरूरत थी। वह मुझे कहीं और दे सकते थे। पुलिस इंजीनियर के खिलाफ कार्रवाई करेगी।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now