देश की खबरें | अंतरधार्मिक विवाह से रोके जाने के बाद युवती को परिवार के हवाले किया, युवक पर मुकदमा दर्ज
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मुरादाबाद जिले में विशेष विवाह अधिनियम के तहत शादी करने जा रहे एक अंतरधार्मिक जोड़े को एक दक्षिणपंथी संगठन के सदस्यों द्वारा रोके जाने के दो दिन बाद बृहस्पतिवार को पुलिस ने संबंधित युवती को उसके माता-पिता के हवाले कर दिया। पुलिस ने उस युवती से विवाह करने जा रहे मुस्लिम युवक के खिलाफ अवैध धर्मांतरण रोधी अधिनियम और अपहरण के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।
मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश), 21 अप्रैल मुरादाबाद जिले में विशेष विवाह अधिनियम के तहत शादी करने जा रहे एक अंतरधार्मिक जोड़े को एक दक्षिणपंथी संगठन के सदस्यों द्वारा रोके जाने के दो दिन बाद बृहस्पतिवार को पुलिस ने संबंधित युवती को उसके माता-पिता के हवाले कर दिया। पुलिस ने उस युवती से विवाह करने जा रहे मुस्लिम युवक के खिलाफ अवैध धर्मांतरण रोधी अधिनियम और अपहरण के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।
मंगलवार की दोपहर दो अलग-अलग समुदायों से संबंध रखने वाले युवक और युवती विशेष विवाह अधिनियम के तहत शादी के लिए मुरादाबाद कचहरी जा रहे थे। रास्ते में हिंदू युवा वाहिनी के कुछ सदस्यों ने दोनों को रोक लिया और शादी करने जा रहे युवक पर युवती का जबरन धर्म परिवर्तन करके मुस्लिम बनाने का आरोप लगाया।
हिंदू युवा वाहिनी के सदस्यों ने पुलिस को सूचना दी जिसके बाद प्रेमी युगल को हिरासत में ले लिया गया। युवती पंजाब के लुधियाना की रहने वाली है। उसे महिला थाने में रखा गया, जबकि मुरादाबाद के करुला इलाके के रहने वाले युवक को सिविल लाइंस थाने ले जाया गया था।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक युवक लुधियाना में वर्ष 2019 से उस युवती के घर के नजदीक स्थित एक दुकान पर काम कर रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम प्रसंग हो गया। वे दोनों पिछली 14 अप्रैल को शादी के लिए मुरादाबाद आए थे।
अपर पुलिस अधीक्षक सागर जैन ने कहा, "हमें उस लड़की के परिजन द्वारा लुधियाना में अपनी बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराए जाने के बारे में मालूम हुआ। इस वजह से संदेह के आधार पर दोनों को हिरासत में लिया गया था। युवती को उसके परिजन के सुपुर्द कर दिया गया है।" उन्होंने कहा कि इस मामले में मुकदमा दर्ज करके जांच की जा रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)