जरुरी जानकारी | एफकॉन्स के आईपीओ को अंतिम दिन मिला 2.63 गुना अभिदान

नयी दिल्ली, 29 अक्टूबर शापूरजी पालोनजी समूह की ढांचागत इंजीनियरिंग एवं निर्माण कंपनी एफकॉन्स इन्फ्रास्ट्रक्चर के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को पेशकश के तीसरे एवं अंतिम दिन मंगलवार को 2.63 गुना अभिदान मिला।

एनएसई पर उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, आरंभिक शेयर बिक्री में रखे गए 8,66,19,950 शेयरों के मुकाबले 22,78,13,728 शेयरों के लिए बोलियां लगाई गईं।

गैर-संस्थागत निवेशकों के लिए आरक्षित खंड को 5.05 गुना अभिदान मिला जबकि खुदरा व्यक्तिगत निवेशकों की श्रेणी को 94 प्रतिशत अभिदान मिला। वहीं पात्र संस्थागत खरीदारों के हिस्से को 3.79 गुना अभिदान मिला।

एफकॉन्स इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (एआईएल) ने आईपीओ खुलने के पहले एंकर (प्रमुख) निवेशकों से 1,621 करोड़ रुपये जुटाए थे।

कंपनी के 5,430 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 440-463 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया गया था।

आईपीओ 1,250 करोड़ रुपये के नए शेयर और प्रवर्तक गोस्वामी इन्फ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड की तरफ से 4,180 करोड़ रुपये तक के शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) का संयोजन है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)